देवघर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, कस्टमर केयर बनकर ठगी करने वाले 03 साइबर अपराधी गिरफ्तार
रांची एक्सप्रेस ब्यूरो
अमित कुमार
देवघर : देवघर पुलिस ने साइबर अपराध पर नकेल कसते हुए Flipkart/Amazon कस्टमर केयर और Airtel Payment Bank अधिकारी बनकर ठगी करने वाले 03 अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक 'प्रवीण पुष्कर' के निर्देश पर साइबर थाना प्रभारी के नेतृत्व में 13 जून को की गई छापेमारी में तीनों आरोपियों को हिरासत में लिया गया।
देवघर पुलिस द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, देवघर जिले में कुछ संदिग्ध साइबर अपराधियों द्वारा आम लोगों को फर्जी तरीके से Flipkart/Amazon कस्टमर केयर, Airtel Payment Bank अधिकारी और Google पर PhonePe कस्टमर केयर बनकर ठगी का शिकार बनाए जाने की गुप्त सूचना मिली थी। इसके अलावा, आरोपी PM किसान योजना और लोन दिलाने के नाम पर फर्जी मोबाइल नंबरों से लोगों को झांसा देकर ऑनलाइन ठगी कर रहे थे।
गिरफ्तार आरोपियों की अपराध शैली में खुलासा हुआ कि वे फर्जी Google Pay/PhonePe/PayTM Customer Care/IRCTC अधिकारी बनकर उपभोक्ताओं को "Cash Back" का झांसा देकर PhonePe Gift Card बनवाकर उसे रिडीम कर लेते थे। वहीं, फर्जी Airtel Payment Bank अधिकारी बनकर Airtel Thanks App के जरिए Airtel Payment Bank कार्ड बंद होने का बहाना बनाकर उपभोक्ताओं को झांसा देकर फिर कार्ड पुनः चालू कराने के नाम पर ठगी करते थे।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान:
1. तमीम अंसारी, 26 वर्ष, पिता-रफत अंसारी, पता-टकरजोरी, थाना-मार्गोमुंडा, जिला-देवघर
2. तुलसी यादव, 30 वर्ष, पिता-भूम महतो, पता-सनवदिया डुमरिया, थाना-मोहनपुर, जिला-देवघर
3. राजेश कुमार यादव, 25 वर्ष, पिता-सूर्य नारायण यादव, पता-सनवदिया डुमरिया, थाना-मोहनपुर, जिला-देवघर के रूप में हुई है।
इनमें से राजेश कुमार यादव के खिलाफ पहले से देवघर साइबर थाना में कांड संख्या-72/19, दिनांक-19.04.19, धारा-419/420/467/468/471/120B भादवि एवं 66D/66E/84 IT Act दर्ज है।
आरोपियों के पास से 03 सिम कार्ड और 01 प्रतिबिम्ब सिम बरामद की गई है। प्रारंभिक जांच में मोबाइल फोन/सिम से साइबर ठगी में संलिप्तता पाई गई। छापेमारी दल में पूर्ण निरीक्षक संतोष कुमार मंडल, साइबर थाना, देवघर और मोहनपुर थाना की पुलिस टीम शामिल थी।
देवघर पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान नंबर से आए कॉल/लिंक पर भरोसा न करें। कस्टमर केयर, बैंक अधिकारी या सरकारी योजना के नाम पर मांगी गई OTP/पिन शेयर न करें। साइबर ठगी की शिकायत 1930 हेल्पलाइन या http://cybercrime.gov.in पर दर्ज कराएं।





