BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

गोड्डा के न्यू मार्केट में भीषण आग, प्रतिष्ठित गोड्डा ऑप्टिकल दुकान जलकर राख


रांची एक्सप्रेस संवाददाता 

गोड्डा : शहर के न्यू मार्केट में रविवार को भीषण आग लग गई। यहां की पुरानी और प्रतिष्ठित दुकान गोड्डा ऑप्टिकल देखते ही देखते आग की चपेट में आ गई और लाखों का सामान जलकर खाक हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुकान से अचानक धुएं का गुबार उठता देख आसपास के दुकानदारों में अफरा-तफरी मच गई। कुछ ही मिनटों में आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया।

स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और अग्निशमन विभाग को सूचना दी। सूचना पर दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।

आग में दुकान में रखे महंगे लेंस, ब्रांडेड फ्रेम, चश्मे और आंखों की जांच करने वाली कीमती मशीनें सहित सारा सामान जलकर राख हो गया। दुकानदार को लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान है।

प्रारंभिक तौर पर आग का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस और प्रशासन की टीम नुकसान और आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच कर रही है।

गनीमत रही कि समय रहते आग को फैलने से रोक लिया गया, जिससे आसपास की दुकानें आग की चपेट में आने से बच गईं।