BREAKING NEWS

logo

एसपी की अध्यक्षता में मासिक अपराध गोष्ठी आयोजित: श्रावणी मेला को लेकर अलर्ट


रांची एक्सप्रेस ब्यूरो 
अमित कुमार 

देवघर : नशा तस्करी और साइबर ठगी पर शिकंजा कसने के लिए देवघर पुलिस एक्शन मोड में आ गई है। पुलिस अधीक्षक कार्यालय में शनिवार 13 जून को को मासिक अपराध गोष्ठी में एसपी 'प्रवीण पुष्कर' ने सभी थाना प्रभारियों को साफ संदेश दिया - "अब लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी"। 

गोष्ठी की अध्यक्षता करते हुए एसपी प्रवीण पुष्कर ने जिले के सभी थानों में लंबित आपराधिक मामलों की बारी-बारी से समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिया कि 1 साल से ज्यादा पुराने केस को 30 दिन के अंदर निपटाया जाए। एसपी ने कहा कि पुराने मामलों के निष्पादन पर विशेष फोकस है। सभी पदाधिकारी जिम्मेदारी से अपना काम करें, ताकि पीड़ितों को समय पर न्याय मिल सके।

*श्रावणी मेला: पुलिस की 3 प्राथमिकता*  

मीडिया से बातचीत में एसपी ने कहा कि विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला नजदीक है। इस बार सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी होगी। मेले के दौरान पुलिस की 3 प्राथमिकता तय की गई हैं:  
1. *श्रद्धालुओं की सुरक्षा*: कांवरिया पथ पर अतिरिक्त फोर्स और सीसीटीवी की निगरानी।  
2. *सुगम यातायात*: जाम और भीड़ नियंत्रण के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान।  
3. *विधि व्यवस्था*: असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर, अफवाह फैलाने वालों पर तुरंत कार्रवाई।

*नशा-साइबर पर 'जीरो टॉलरेंस'*  

एसपी 'प्रवीण पुष्कर' ने दो टूक कहा कि देवघर पुलिस नशा तस्करों, साइबर अपराधियों और अन्य असामाजिक तत्वों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। नशे के कारोबार के खिलाफ चल रहे अभियान के अच्छे परिणाम मिल रहे हैं, कई बड़े तस्कर सलाखों के पीछे हैं। 

साइबर ठगी रोकने के लिए भी साइबर सेल को सक्रिय किया गया है। ठगों के बैंक खाते फ्रीज करने और त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। एसपी ने चेतावनी दी कि कोई भी अपराधी कानून से ऊपर नहीं है। देवघर में अपराध करके बच निकलना अब मुमकिन नहीं।

बैठक में जिले के सभी थाना प्रभारी और पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे। एसपी ने सभी को जनता से बेहतर तालमेल और त्वरित कार्रवाई का निर्देश दिया।