संजय सेठ बोले- उज्ज्वला से आयुष्मान तक, हर योजना ने अंतिम व्यक्ति को छुआ.
रांची एक्सप्रेस ब्यूरो
अमित कुमार
देवघर : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के 12 वर्ष पूरे होने पर भाजपा ने देवघर में 'मीडिया संवाद' का आयोजन किया। बाबा बैद्यनाथ की नगरी में शनिवार को जिला कार्यालय में हुए इस कार्यक्रम में केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री एवं रांची सांसद संजय सेठ मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और पत्रकारों से सीधे संवाद किया।
पत्रकारों को संबोधित करते हुए संजय सेठ ने कहा कि मोदी जी ने पहले ही दिन से "सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास" के मंत्र को अपना आधार बनाया। इसी सोच के कारण पिछले 12 वर्षों में देश के हर क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव दिख रहे हैं। गरीब, वंचित और समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना ही सरकार की प्राथमिकता रही है।
केंद्रीय मंत्री ने मोदी सरकार की प्रमुख उपलब्धियों को गिनाया:
1. *प्रधानमंत्री आवास योजना*: करोड़ों गरीब परिवारों को पक्का घर मिला, छत का सपना पूरा हुआ।
2. *उज्ज्वला योजना*: माताओं-बहनों को धुएं से मुक्ति मिली, रसोई स्वस्थ हुई।
3. *आयुष्मान भारत*: गरीब परिवारों को 5 लाख तक का मुफ्त इलाज, स्वास्थ्य सुरक्षा मिली।
4. *PM किसान सम्मान निधि*: किसानों के खाते में सीधी आर्थिक मदद, खेती को बल मिला।
5. *जल जीवन मिशन*: गांव-गांव तक नल से जल पहुंचाकर स्वच्छ पेयजल का संकल्प पूरा हुआ।
संजय सेठ ने कहा कि स्टार्टअप इंडिया, स्किल इंडिया, मुद्रा योजना और डिजिटल इंडिया ने युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए रास्ते खोले हैं। नई शिक्षा नीति से विद्यार्थियों को भविष्योन्मुखी पढ़ाई मिली, वहीं महिलाओं के सशक्तिकरण और वरिष्ठ नागरिकों की सामाजिक सुरक्षा पर भी विशेष ध्यान दिया गया।
उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर भारत, वोकल फॉर लोकल, मेक इन इंडिया और पीएम गतिशक्ति जैसे अभियानों ने भारत को वैश्विक आर्थिक शक्ति के रूप में स्थापित किया है। आज भारत दुनिया की अग्रणी अर्थव्यवस्थाओं में शुमार है और 140 करोड़ देशवासियों के आशीर्वाद से 'विकसित भारत' के लक्ष्य की ओर तेजी से बढ़ रहा है।
कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष सचिन रवानी, जिला प्रभारी यदु नंदन पाठक, महामंत्री अभय आनंद झा, पूर्व विधायक नारायण दास, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य रीता चौरसिया, संजीव जेजवाड़े, विशाखा सिंह और दिवाकर गुप्ता सहित कई पदाधिकारी मौजूद थे।





