नेपाल-तिब्बत आपदा में फंसे तीर्थयात्रियों की तलाश में सारवां पुलिस की मानवीय पहल,
• लोगों से सूचना साझा करने की अपील
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
सारवां (देवघर) : नेपाल-तिब्बत सीमा पर 26 अगस्त को आई प्राकृतिक आपदा, बाढ़ और भूस्खलन में बड़ी संख्या में लोगों की मौत और कई लोगों के लापता होने की खबरों के बीच सारवां पुलिस ने एक मानवीय पहल की है।
जिला प्रशासन के निर्देश पर थाना प्रभारी संदीप कुमार ने क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों और प्रबुद्ध नागरिकों से अपील की है कि यदि थाना क्षेत्र के किसी भी पंचायत या गांव से कोई व्यक्ति कैलाश यात्रा या नेपाल-तिब्बत यात्रा पर गया हो, तो उसकी सूचना तत्काल पुलिस को उपलब्ध करायें।
थाना प्रभारी ने कहा कि संबंधित तीर्थयात्री का नाम, पता और अन्य उपलब्ध जानकारी बिना देरी पुलिस को देने से तथ्यों की पुष्टि और खोजबीन में मदद मिलेगी। इससे लापता लोगों की पहचान और तलाश की प्रक्रिया में तेजी आएगी।
पुलिस की इस संवेदनशील और सकारात्मक पहल की क्षेत्र में सराहना हो रही है। यह कदम आपदा में फंसे लोगों तक मदद पहुंचाने और उनके परिजनों को राहत देने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगा।






