महागामा के पीएमश्री कस्तूरबा विद्यालय में मृदा स्वास्थ्य पर प्रशिक्षण, छात्राओं को दी जानकारी
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
गोड्डा : जिले के महगामा पीएमश्री कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय में शनिवार को मृदा स्वास्थ्य को लेकर एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
प्रशिक्षण के दौरान कृषि वैज्ञानिक डॉ. हेमंत कुमार चौरसिया और प्रखंड तकनीकी प्रबंधक सुनील कुमार ने छात्राओं को मिट्टी के नमूने लेने की सही प्रक्रिया, मिट्टी जांच से प्राप्त परिणाम, पोषक तत्वों, पीएच एवं ईसी से संबंधित तकनीकी जानकारी दी।
उन्होंने संतुलित उर्वरक, जैविक खाद और प्राकृतिक खाद के प्रयोग से होने वाले लाभों के बारे में बताया। साथ ही बताया कि खेत से मिट्टी का नमूना लेते समय किन स्थानों से मिट्टी संग्रह नहीं करनी चाहिए।
कार्यक्रम में छात्राओं से अपील की गई कि वे अपने आसपास के किसानों को मिट्टी जांच के लिए जागरूक करें।
इस कार्यक्रम में एग्री क्लीनिक सेंटर के कुंदन कुमार, प्राचार्य सुनीता कुमारी, शिक्षक और 102 छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।






