BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

देवघर में उप राष्ट्रपति का सैनिकों को नमन, बोले- झारखंड बलिदान और देशभक्तों की धरती


• दो दिवसीय शौर्य संपर्क मेले का समापन

अमित कुमार,
रांची एक्सप्रेस ब्यूरो 

देवघर : दर्दमारा स्थित बाबा बैद्यनाथ मेडिकल ट्रस्ट के पी.डी. हिंदुजा अस्पताल परिसर में आयोजित दो दिवसीय शौर्य संपर्क मेला सह मेडिकल कैंप का शनिवार को समापन हो गया। 

समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उप राष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन शामिल हुए।

उप राष्ट्रपति ने मेडिकल कैंप, सेवा गतिविधियों और भारतीय सेना के हथियारों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने सैनिकों, पूर्व सैनिकों, वीर नारियों और उनके परिवारों के त्याग को नमन करते हुए कहा कि यह राष्ट्र की उनके प्रति कृतज्ञता है।

उप राष्ट्रपति ने कहा कि ‘सदा आपके साथ’ केवल मेले की थीम नहीं, बल्कि सैनिकों और उनके परिवारों के कल्याण के प्रति राष्ट्रीय प्रतिबद्धता बननी चाहिए। देश की सेना हमेशा राष्ट्र की रक्षा के लिए खड़ी रहती है, ऐसे में समाज और सरकार का भी दायित्व है कि वे सैनिकों और उनके परिवारों के साथ सदैव खड़े रहें।

उप राष्ट्रपति ने कहा कि संताल परगना और झारखंड का इतिहास देशभक्ति, संघर्ष और बलिदान से जुड़ा है। आजादी के आंदोलन में भगवान बिरसा मुंडा, तिलका मांझी, सिदो-कान्हू और नीलांबर-पीतांबर जैसे नायकों ने अदम्य साहस का परिचय दिया था।

उन्होंने परमवीर चक्र विजेता लांस नायक अल्बर्ट एक्का को याद करते हुए कहा कि झारखंड को इस महान युद्ध नायक की जन्मभूमि होने का गौरव प्राप्त है। उनका बलिदान पूरे देश के लिए प्रेरणास्रोत है।

उन्होंने कहा कि वन रैंक वन पेंशन की मांग को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूरा किया। पूर्व सैनिक देश की अमूल्य धरोहर हैं और उनके अनुभव से युवा पीढ़ी को सीख लेनी चाहिए।

उन्होंने सफल आयोजन के लिए गोड्डा सांसद डॉ. निशिकांत दूबे, भारतीय सेना और बाबा बैद्यनाथ मेडिकल ट्रस्ट को बधाई दी।

समारोह में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार, केंद्रीय स्वास्थ्य राज्य मंत्री प्रतापराव जाधव, राज्यसभा सांसद आदित्य साहू, ट्रस्ट की चेयरपर्सन डॉ. अनामिका गौतम और लेफ्टिनेंट जनरल पवन चड्ढा मौजूद थे।