पथरगामा बीडीओ के खिलाफ ग्रामीणों का हल्ला बोल, अनिश्चितकालीन धरने में उमड़ी भीड़
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
गोड्डा : थरगामा प्रखंड विकास पदाधिकारी नितेश कुमार गौतम के खिलाफ ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा है। बीडीओ के खिलाफ चल रहे अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन के दूसरे दिन मंगलवार को धरना स्थल पर ग्रामीणों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।
प्रखंड मुख्यालय के समीप चल रहे इस धरने में सैकड़ों की संख्या में महिला-पुरुष शामिल हुए और प्रखंड प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। ग्रामीणों का आरोप है कि प्रखंड कार्यालय में बिना लेन-देन के कोई काम नहीं होता है और आम लोगों को योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है।
धरने पर बैठे ग्रामीणों ने कहा कि अबुआ आवास, पेंशन, राशन कार्ड, मनरेगा और जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र जैसे कार्यों के लिए लगातार कार्यालय का चक्कर लगाना पड़ रहा है, लेकिन सुनवाई नहीं हो रही है। इससे आक्रोशित होकर वे धरने पर बैठने को मजबूर हुए हैं।
धरना प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे जिला परिषद सदस्य अमित भगत ने कहा कि पथरगामा बीडीओ की कार्यशैली से पूरा प्रखंड त्रस्त है। उन्होंने बीडीओ पर मनमानी और भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच होनी चाहिए।
अमित भगत ने कहा, "जब तक बीडीओ के खिलाफ लगाए गए आरोपों की जांच कर कार्रवाई नहीं होती, तब तक हमारा अनिश्चितकालीन धरना जारी रहेगा। यह लड़ाई किसी व्यक्ति की नहीं, बल्कि ग्रामीणों के हक और सम्मान की लड़ाई है।"
धरना स्थल पर बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, पंचायत समिति सदस्य, मुखिया और स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे और आंदोलन को अपना समर्थन दिया। धरने को देखते हुए प्रखंड परिसर में सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी गई है।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से हस्तक्षेप कर मामले का जल्द समाधान निकालने की मांग की है।





.jpeg)
