BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

मंत्री सुदिव्य सोनू के निधन पर पाकुड़ में शोक की लहर


मंत्री सुदिव्य 'सोनू' के निधन पर पाकुड़ में शोक की लहर, 

• झामुमो कार्यालय में दी गई श्रद्धांजलि

रांची एक्सप्रेस संवाददाता 

पाकुड़ : झारखंड सरकार के मंत्री सुदिव्य कुमार 'सोनू' के आकस्मिक निधन से पूरे राज्य में शोक की लहर है। सोमवार को पाकुड़ जिला झामुमो कार्यालय में जिलाध्यक्ष अजीजुल इस्लाम के नेतृत्व में एक शोकसभा का आयोजन कर दिवंगत मंत्री को श्रद्धांजलि दी गई।

शोकसभा की शुरुआत जिलाध्यक्ष अजीजुल इस्लाम द्वारा दिवंगत मंत्री के चित्र पर पुष्प अर्पित कर की गई। इसके बाद पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष सह केंद्रीय समिति सदस्य श्याम यादव, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष सुनील टुडू, महिला जिलाध्यक्ष जोसेफिना हेंब्रम सहित सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने बारी-बारी से माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया।

इस दौरान उपस्थित सभी लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और शोक-संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। पूरा कार्यालय परिसर गमगीन माहौल में डूबा रहा।

जिलाध्यक्ष अजीजुल इस्लाम ने कहा कि सुदिव्य कुमार सोनू झारखंड मुक्ति मोर्चा के एक मजबूत स्तंभ थे। उन्होंने पार्टी को संगठनात्मक मजबूती देने में अहम भूमिका निभाई और मंत्री के तौर पर अपनी जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निर्वहन किया। उनके निधन से पार्टी को अपूरणीय क्षति हुई है, जिसकी भरपाई निकट भविष्य में संभव नहीं है।

पूर्व जिलाध्यक्ष श्याम यादव ने कहा कि सुदिव्य 'सोनू' का असामयिक निधन बेहद दुखद और स्तब्ध करने वाला है। वे एक मिलनसार और जनप्रिय नेता थे, जो हमेशा कार्यकर्ताओं के सुख-दुख में खड़े रहते थे। उनका योगदान हमेशा याद रखा जाएगा।

शोकसभा में केंद्रीय समिति सदस्य उमर फारूक, मिथिलेष घोष, जिला सह सचिव जहूर आलम, नगर अध्यक्ष मुकेश सिंह सहित विभिन्न प्रखंडों के अध्यक्ष, सचिव और बड़ी संख्या में झामुमो कार्यकर्ता मौजूद रहे।