BREAKING NEWS

logo

विश्व रक्तदाता दिवस: देवघर एम्स और रेडक्रास के संयुक्त तत्वावधान में रक्तदान शिविर का आयोजन.


• पहले ही शिविर में 15 यूनिट रक्त संग्रहित.  


रांची एक्सप्रेस ब्यूरो 
अमित कुमार 
  
देवघर‌ : 'विश्व रक्तदाता दिवस' पर बाबा नगरी में मानवता की मिसाल कायम हुई। 'एम्स' देवघर ब्लड सेंटर और भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी, देवघर शाखा के संयुक्त प्रयास से रविवार 14 जून को ब्लड बैंक में आयोजित स्वैच्छिक रक्तदान शिविर में 15 यूनिट रक्त एकत्र किया गया। यह रक्त कई जरूरतमंद मरीजों के इलाज में संजीवनी बनेगा।  

उल्लेखनीय है कि एम्स देवघर ब्लड सेंटर का उद्घाटन 2 जून 2026 को हुआ था। उद्घाटन के बाद यह पहला रक्तदान शिविर था। शिविर ने क्षेत्र में स्वैच्छिक रक्तदान की संस्कृति को बढ़ावा देने की दिशा में मजबूत शुरुआत की है।  

कार्यक्रम एम्स देवघर के कार्यपालक निदेशक प्रो. (डॉ.) नितिन एम. गंगाने के मार्गदर्शन में हुआ। शिविर को सफल बनाने में डॉ. इंद्रनील दास, सहायक प्राध्यापक, रक्ताधान चिकित्सा विभाग, प्रशासनिक अधिकारी अजय कुमार बरनवाल और ब्लड सेंटर की पूरी टीम की अहम भूमिका रही।  

*SBI और हिमतसिंका का सहयोग*  

इस पुण्य कार्य में भारतीय स्टेट बैंक ने CSR के तहत सहयोग किया। SBI के पूर्व क्षेत्रीय प्रबंधक प्रशांत झा विशेष रूप से मौजूद रहे। रेड क्रॉस ने बैंक के निरंतर सहयोग के लिए आभार जताया। रक्तदाताओं के लिए हिमतसिंका ऑटोमोबाइल्स प्राइवेट लिमिटेड ने भोजन और जलपान की व्यवस्था की।  

रेड क्रॉस की ओर से चेयरमैन जितेश राजपाल, वाइस चेयरमैन पीयूष जायसवाल, कोषाध्यक्ष राजकुमार बरनवाल, सुधांशु बरनवाल, अर्चना भगत, कृष्णा केशरी और युवा इकाई से पल्लवी कुमार, वेदांश जायसवाल ने भाग लिया। संयोजक नितीश पांडेय और विवेक ओझा ने प्रचार से लेकर पंजीकरण तक की व्यवस्था संभाली।  

*डॉक्टरों और पदाधिकारियों ने‌ कहा*  

प्रो. (डॉ.) नितिन एम. गंगाने ने कहा कि "रक्तदान सिर्फ सामाजिक जिम्मेदारी नहीं, यह जीवन बचाने का सबसे सीधा रास्ता है। एम्स देवघर स्वैच्छिक रक्तदान को जनआंदोलन बनाना चाहता है"।  

डॉ. इंद्रनील दास ने बताया कि "रक्त का कोई विकल्प नहीं है। सुरक्षित रक्त के लिए नियमित दान जरूरी है। हर स्वस्थ व्यक्ति को आगे आना चाहिए"।  

वाइस चेयरमैन पीयूष जायसवाल ने कहा कि "एक यूनिट रक्त किसी को नया जीवन दे सकता है। आज के दाता मानवता के असली नायक हैं। हमारा लक्ष्य है कि देवघर में कोई भी मरीज रक्त के अभाव में परेशान न हो"।  

इस शिविर में देवघर की महिला पत्रकार 'खुशबू जायसवाल' ने भी बढ़-चढ़कर रक्तदान किया। कार्यक्रम के अंत में सभी दाताओं, डॉक्टरों और सहयोगी संस्थाओं का धन्यवाद ज्ञापित किया गया और भविष्य में बड़े स्तर पर ऐसे शिविर लगाने का संकल्प लिया गया।