BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

जेपीएससी और जेएसएससी भर्ती में धांधली के खिलाफ दुमका में युवाओं का हल्लाबोल


• एसपी कॉलेज से निकली भर्ती व्यवस्था यात्रा, डीसी चौक पर जुटे सैकड़ों छात्र

• पेपर लीक मामलों की सीबीआई जांच और पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया की उठी मांग

• मांगें पूरी नहीं हुईं तो राज्यव्यापी आंदोलन की चेतावनी

भर्ती में खेल बंद करो, नहीं तो सड़क पर होगा संग्राम : देवेंद्र नाथ महतो

रांची एक्सप्रेस संवाददाता 

दुमका : झारखंड में जेपीएससी और जेएसएससी की भर्ती परीक्षाओं में कथित धांधली और पेपर लीक की घटनाओं के विरोध में शुक्रवार को दुमका में छात्रों और बेरोजगार युवाओं का आक्रोश सड़क पर दिखा। छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो और मनोज महतो के नेतृत्व में एसपी कॉलेज परिसर से भर्ती व्यवस्था यात्रा एवं विरोध रैली निकाली गयी। इसमें जिले के विभिन्न प्रखंडों से पहुंचे सैकड़ों छात्र-छात्राओं और बेरोजगार युवाओं ने भाग लिया।
हाथों में बैनर-पोस्टर और जुबां पर नारे लिये छात्र भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता, भ्रष्टाचार पर रोक और पेपर लीक की घटनाओं पर तत्काल कार्रवाई की मांग कर रहे थे। रैली एसपी कॉलेज से निकलकर शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होते हुए डीसी चौक पहुंची, जहां सभा का आयोजन किया गया।
-------------------
*मेहनत करने वाले युवाओं के साथ हो रहा अन्याय : देवेंद्र नाथ महतो*

सभा को संबोधित करते हुए देवेंद्र नाथ महतो ने कहा कि झारखंड में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे लाखों युवाओं का भविष्य दांव पर लगा है। किसान और मजदूर परिवारों के बच्चे आर्थिक कठिनाइयों के बावजूद कर्ज लेकर पढ़ाई करते हैं और वर्षों तक प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हैं। ऐसे में परीक्षा से पहले प्रश्नपत्र लीक होने की घटनाएं उनकी मेहनत और समय दोनों पर पानी फेर देती हैं।
उन्होंने कहा कि भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता का अभाव युवाओं के बीच निराशा और आक्रोश बढ़ा रहा है। सरकार को इस दिशा में ठोस और भरोसेमंद कदम उठाने की जरूरत है।
-------------------
*सीबीआई जांच की मांग, दोषियों पर हो कठोर कार्रवाई*

देवेंद्र नाथ महतो ने पिछले वर्षों में सामने आये पेपर लीक मामलों की सीबीआई जांच कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि सिर्फ छोटे स्तर पर कार्रवाई से समस्या का स्थायी समाधान नहीं होगा। पेपर लीक के पीछे सक्रिय गिरोह और इसमें शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई होनी चाहिए।
उन्होंने लंबित नियुक्ति प्रक्रियाओं को जल्द पूरा करने, आगामी प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए स्पष्ट परीक्षा कैलेंडर जारी करने तथा भर्ती व्यवस्था को निष्पक्ष एवं पारदर्शी बनाने की मांग की।
-------------------
*मांगें नहीं मानीं तो राज्यव्यापी आंदोलन की चेतावनी*

देवेंद्र नाथ महतो ने चेतावनी दी कि यदि युवाओं से जुड़े इन मुद्दों पर जल्द ठोस पहल नहीं हुई, तो आंदोलन को और व्यापक किया जायेगा। जरूरत पड़ने पर राज्य के सभी जिलों में भर्ती व्यवस्था यात्रा निकालकर युवाओं को एकजुट किया जायेगा।

रैली में शामिल छात्रों ने कहा कि उनका उद्देश्य किसी राजनीतिक दल का विरोध करना नहीं, बल्कि भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित कर मेहनत करने वाले अभ्यर्थियों को निष्पक्ष अवसर दिलाना है।

प्रदर्शन के दौरान युवाओं में उत्साह के साथ-साथ सरकार के प्रति आक्रोश भी स्पष्ट रूप से देखने को मिला।