BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

छात्रावासों में सुविधाओं में कमी नहीं हो, छात्रवृत्ति और साइकिल समय पर दें : डीसी


रांची एक्सप्रेस संवाददाता 

दुमका : उपायुक्त अभिजीत सिन्हा की अध्यक्षता में मंगलवार को जिला कल्याण विभाग की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में कल्याण छात्रावासों की स्थिति, छात्रवृत्ति, साइकिल वितरण और निर्माणाधीन योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। डीसी ने अधिकारियों को योजनाओं का समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

उपायुक्त ने सभी प्रखंड कल्याण पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र के छात्रावासों का नियमित निरीक्षण करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि छात्रावासों में बिजली, पेयजल, शौचालय, साफ-सफाई और छत-भवन की स्थिति की जांच अनिवार्य रूप से की जाए। किसी भी कमी या मरम्मत की जरूरत होने पर तुरंत कार्रवाई करें, ताकि छात्रों की सुरक्षा और सुविधा प्रभावित न हो।

साइकिल वितरण की समीक्षा में उपायुक्त ने शत-प्रतिशत लक्ष्य पूरा करने को कहा। जिला कल्याण पदाधिकारी ने बताया कि वितरण कार्य जल्द पूरा कर लिया जाएगा। उपायुक्त ने प्री-मैट्रिक और पोस्ट-मैट्रिक छात्रवृत्ति के लंबित आवेदनों पर भी नाराजगी जताते हुए कहा कि अनावश्यक विलंब न हो और पात्र विद्यार्थियों को समय पर लाभ मिले।

उपायुक्त ने आदिवासी संस्कृति एवं कला केंद्र और एकलव्य मॉडल विद्यालय के भवन निर्माण कार्यों को जल्द पूरा करने का निर्देश दिया, ताकि विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक माहौल मिल सके। साथ ही जिले के सभी आयुर्वेदिक चिकित्सा केंद्रों में आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा।