मधुपुर में खाद्य सुरक्षा विभाग का छापा, एक्सपायरी कोल्ड ड्रिंक और मिलावटी मिठाई मिलने पर कई दुकानों को नोटिस
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
मधुपुर बाजार (देवघर) : उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानियां के निर्देश पर दुर्गा पूजा के दौरान आम लोगों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मधुपुर बाजार में सघन निरीक्षण अभियान चलाया।
मंगलवार, 13 अक्टूबर को चले इस अभियान में खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी देवघर-2 शैलेश कुमार यादव, खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी देवघर-3 अंजलि विवा मिंज और जूनियर फूड एनालिस्ट शुभम कुमार राठौर शामिल रहे। टीम ने गांधी चौक, थाना मोड़, कोर्ट मोड़ और बस स्टैंड के आसपास स्थित मिठाई दुकानों, किराना दुकानों, होटलों और अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच की।
जांच किए गए प्रमुख प्रतिष्ठानों में विनायक एंटरप्राइजेज, माखन भोग स्वीट्स, मधुलिका स्वीट्स, न्यू बर्दवान स्वीट्स, गोकुल स्वीट्स, चांदनी वाला, शिव शंकर स्वीट्स, कृष्णा मिष्ठान भंडार, भैरवनाथ पानीपुरी सेंटर, धीरज डोसा स्टॉल, वृंदावन रेस्टोरेंट, सुरुचि स्वीट्स, अद्विका फूड रेस्टोरेंट, रसोई घर, इंडियन फास्ट फूड और दिल्ली-6 होटल शामिल थे।
निरीक्षण के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, साफ-सफाई, खाद्य लाइसेंस, भंडारण व्यवस्था और निर्माण-समाप्ति तिथि की जांच की गई। इस दौरान कुछ दुकानों में एक्सपायरी शीतल पेय और अन्य खाद्य सामग्री पाई गई, वहीं मिठाई के कुछ नमूनों की प्राथमिक जांच में स्टार्च की मिलावट भी मिली।
विभाग ने संबंधित कारोबारियों को मानकों के उल्लंघन पर नोटिस जारी किया है और पानी की जांच रिपोर्ट, कीट नियंत्रण, लाइसेंस प्रदर्शन और कर्मचारियों के मेडिकल फिटनेस प्रमाणपत्र सहित आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने सभी खाद्य कारोबारियों को स्वच्छता बनाए रखने, वैध लाइसेंस रखने और एक्सपायरी सामग्री की बिक्री नहीं करने की चेतावनी दी है।






