185 शिक्षकों को मिला डिजिटल शिक्षा का प्रशिक्षण, पांच दिवसीय कंप्यूटर प्रशिक्षण शिविर का समापन
गिरिडीह के 10 केंद्रों पर आयोजित हुआ प्रशिक्षण, जे-गुरूजी समेत एमएस ऑफिस , गूगल मीट और डिजिटल टूल्स की दी गई जानकारी
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
गिरिडीह: शिक्षकों की डिजिटल दक्षता बढ़ाने और विद्यालयों में तकनीक आधारित शिक्षा को मजबूत करने के उद्देश्य से गिरिडीह जिले के 10 केंद्रों पर आयोजित पांच दिवसीय कंप्यूटर प्रशिक्षण शिविर का गुरुवार को समापन हुआ। प्रशिक्षण का आयोजन झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद, रांची एवं स्कूलनेट इंडिया लिमिटेड के संयुक्त तत्वावधान में आईसीटी 754 परियोजना के तहत किया गया। प्रशिक्षण के अंतिम दिन शिक्षकों को एमएस वर्ड में मेल मेरगे , एमएस एक्सेल , एमएस पेंट , पावरपॉइंट , गूगल मीट , जे-गुरूजी , गूगल फॉर्म्स और जेएचपीएमएस सहित विभिन्न डिजिटल टूल्स की जानकारी दी गई। प्रशिक्षु आनंद कुमार वर्मा एवं आदित्य कुमार ने शिक्षकों को प्रायोगिक प्रशिक्षण भी दिया। प्रशिक्षण के प्रथम सत्र में क्लस्टर कोऑर्डिनेटर पवन कुमार ने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान झारखंड सरकार द्वारा विकसित जे-गुरूजी डिजिटल शिक्षा मंच की विस्तृत जानकारी दी जा रही है। उन्होंने बताया कि जे-गुरूजी के माध्यम से संवादात्मक शैक्षणिक सामग्री, शिक्षक प्रशिक्षण, मूल्यांकन उपकरण और लाइव क्लास जैसी सुविधाओं का उपयोग किया जा सकता है। उन्होंने राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 में प्रौद्योगिकी के प्रभावी उपयोग पर दिए गए जोर का भी उल्लेख किया। बताया गया कि आईसीटी 754 परियोजना के तहत राज्य के आठ जिलों के 754 विद्यालयों में आईसीटी लैब और स्मार्ट क्लास की सुविधा विकसित की गई है। इनमें गिरिडीह जिले के 303 विद्यालय शामिल हैं। पांच दिवसीय प्रशिक्षण के दौरान स्कूलनेट इंडिया लिमिटेड के 20 मास्टर ट्रेनर एवं क्लस्टर कोऑर्डिनेटर की टीम ने कुल 185 शिक्षकों को प्रशिक्षित किया। प्रशिक्षण के माध्यम से शिक्षकों को डिजिटल संसाधनों के प्रभावी उपयोग के लिए तैयार किया गया, जिससे विद्यालयों में तकनीक आधारित शिक्षण को बढ़ावा मिलने और विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।






