मासिक समीक्षा बैठक में स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार को लेकर उपाधीक्षक ने कर्मियों को दिए सख्त निर्देश, कोताही बरतने पर होगी कार्रवाई
हुसैनाबाद:कृष्णा यादव
हुसैनाबाद,पलामू: अनुमंडलीय अस्पताल हुसैनाबाद के सभागार में गुरुवार को राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत संचालित विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों की मासिक समीक्षा बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता हुसैनाबाद अनुमंडलीय अस्पताल के प्रभारी उपाधीक्षक डॉ. शशि भूषण ने की।
बैठक में अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं, संस्थागत प्रसव, टीकाकरण, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, यक्ष्मा (टीबी) नियंत्रण कार्यक्रम समेत विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। इस दौरान प्रभारी उपाधीक्षक ने स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने तथा मरीजों को समय पर उपचार एवं आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
उन्होंने सभी एएनएम, एमपीडब्ल्यू एवं स्वास्थ्य कर्मियों को मरीजों के साथ बेहतर व्यवहार करने और अपने दायित्वों का पूरी जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने को कहा। गर्भवती महिलाओं के शत-प्रतिशत पंजीकरण, प्रसव पूर्व जांच (एएनसी) तथा बच्चों के नियमित टीकाकरण का लक्ष्य पूरा करने पर विशेष जोर दिया गया।
डॉ. शशि भूषण ने अस्पताल में आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ आपातकालीन सेवाओं को 24 घंटे तत्पर रखने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कर्तव्य में लापरवाही बरतने वाले कर्मियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में प्रखंड कार्यक्रम प्रबंधक (बीपीएम), प्रखंड लेखा प्रबंधक (बीएएम), प्रखंड डाटा प्रबंधक (बीडीएम), विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों के सीएचओ, एएनएम, स्वास्थ्य कर्मी एवं अस्पताल के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।





