BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

पत्रकारों के हक, सम्मान और सुरक्षा से समझौता नहीं : नितेश तिवारी


मासिक बैठक में हेल्थ इंश्योरेंस, प्रेस क्लब का गठन, आर्थिक सहायता और संगठन विस्तार पर बनी रणनीति

मेदिनीनगर : झारखंड जर्नलिस्ट एसोसिएशन (JJA) की पलामू इकाई की मासिक बैठक सर्किट हाउस में जिला अध्यक्ष नितेश तिवारी की अध्यक्षता में हुई। बैठक में वर्तमान परिवेश में पत्रकारों की भूमिका, पत्रकारों की सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं आर्थिक समस्याओं सहित संगठन को मजबूत करने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में पलामू जिले के पत्रकारों के लिए हेल्थ इंश्योरेंस की व्यवस्था, जिला मुख्यालय में पत्रकारों के बैठने की स्थायी व्यवस्था और प्रेस क्लब के गठन को लेकर विशेष रूप से चर्चा हुई। वहीं, आपातकालीन परिस्थितियों में जैसे अचानक गंभीर बीमारी, दुर्घटना या अन्य जरूरतमंद पत्रकारों को तत्काल 50 हजार से एक लाख रुपये तक की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की व्यवस्था विकसित करने पर भी विचार-विमर्श किया गया।

बैठक में जिले के साथ-साथ प्रखंड स्तर पर संगठन का विस्तार करने को भी प्राथमिकता में रखा गया। जिला अध्यक्ष नितेश तिवारी ने कहा कि वर्तमान समय में मीडिया का स्वरूप तेजी से बदल रहा है। अखबार और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े पत्रकारों को जहां नियमित वेतन मिलता है, वहीं कई न्यूज पोर्टल और यूट्यूब चैनल से जुड़े पत्रकारों के सामने नियमित आय का अभाव है। ऐसे पत्रकारों की आर्थिक समस्याओं को भी गंभीरता से उठाने और उनके हित में ठोस पहल करने की जरूरत है।
उन्होंने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में समाज और शासन के बीच महत्वपूर्ण सेतु का कार्य करते हैं। विषम परिस्थितियों में भी पत्रकार जनहित के मुद्दों को सामने लाने का काम करते हैं। ऐसे में पत्रकारों के सम्मान, सुरक्षा और सामाजिक-आर्थिक हितों की रक्षा के लिए प्रभावी व्यवस्था जरूरी है।

नितेश तिवारी ने कहा कि पत्रकार किसी राजनीतिक दल के पक्ष या विपक्ष में नहीं, बल्कि जनहित और लोकतांत्रिक मूल्यों के पक्ष में काम करते हैं। समाचार संकलन के दौरान पत्रकारों को कई बार दबाव, धमकी और दुर्व्यवहार जैसी परिस्थितियों का सामना करना पड़ता है। ऐसी घटनाओं पर त्वरित और निष्पक्ष कार्रवाई की आवश्यकता है।

जिला अध्यक्ष नितेश तिवारी ने पलामू जिले में कार्यरत सभी पत्रकार संगठनों को एक मंच पर आने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि अलग-अलग संगठनों के बीच समन्वय स्थापित कर प्रेस क्लब के गठन की दिशा में सामूहिक पहल की जानी चाहिए। पत्रकार हित से जुड़े मुद्दों पर सभी संगठनों को एकजुट होकर आवाज उठाने की जरूरत है।

बैठक में पत्रकारों से जुड़े मुद्दों के समाधान के लिए जिला प्रशासन एवं संबंधित विभागों के साथ नियमित संवाद स्थापित करने पर भी जोर दिया गया। जिला अध्यक्ष ने कहा कि पत्रकारों के हक, सम्मान और सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। संगठन लोकतांत्रिक और संवैधानिक तरीके से पत्रकार हित के मुद्दों को लगातार उठाता रहेगा तथा जरूरत पड़ने पर चरणबद्ध आंदोलन भी किया जाएगा।बैठक में झारखंड जर्नलिस्ट एसोसिएशन पलामू के काफी सदस्य उपस्थित रहे।मुख्य रूप से प्रदेश से वरिष्ठ पत्रकार राणा अरुण सिंह ने भी अपनी राय रखी और पत्रकारों के साथ कदम से कदम मिलाकर चलने का अपना वादा दोहराया।