BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

कोयल नदी हादसे में मृत बच्चों के परिजनों से मिले पूर्व मंत्री केएन त्रिपाठी, 10-10 लाख मुआवजे की मांग


मेदिनीनगर। चैनपुर प्रखंड के पथरिया खुर्द गांव पहुंचकर पूर्व मंत्री के.एन. त्रिपाठी ने कोयल नदी हादसे में अपने बच्चों को खोने वाले शोकाकुल परिजनों से मुलाकात की और उन्हें ढांढस बंधाया। उन्होंने दिवंगत बच्चों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए ईश्वर से मृत मासूमों की आत्मा की शांति और परिवार को इस दुख को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की।

बताया जाता है कि बीते दिनों करमा पूजा की सामग्री विसर्जन के दौरान कोयल नदी में डूबने से चार बच्चों की मौत हो गई थी। हादसे की जानकारी मिलने के बाद पूर्व मंत्री शुक्रवार को पथरिया खुर्द पहुंचे और पीड़ित परिवारों से मिलकर उनकी स्थिति जानी।

इस दौरान के.एन. त्रिपाठी ने मुख्यमंत्री से मांग की कि मृत बच्चों के सभी परिवार आर्थिक रूप से कमजोर हैं। ऐसे में प्रत्येक पीड़ित परिवार को 10-10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि हादसे से प्रभावित परिवारों को सरकार की ओर से हर संभव सुविधा और सहायता मिलनी चाहिए, ताकि इस कठिन समय में उन्हें कुछ राहत मिल सके।