सांसद विष्णु दयाल राम के प्रयास से पलामू-गढ़वा को आधार सेवा केंद्र की सौगात
बैरिया में आधार सेवा केंद्र का सांसद ने किया उद्घाटन, अब आधार संबंधी जटिल कार्यों के लिए रांची जाने की जरूरत नहीं
पलामू : पलामू सांसद विष्णु दयाल राम ने मेदिनीनगर के गायत्री मंदिर रोड स्थित बैरिया में नवनिर्मित आधार सेवा केंद्र का उद्घाटन किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, जनप्रतिनिधि एवं संबंधित अधिकारी-कर्मी उपस्थित रहे।
उद्घाटन के अवसर पर सांसद विष्णु दयाल राम ने कहा कि आज आधार प्रत्येक नागरिक की पहचान से जुड़ा महत्वपूर्ण दस्तावेज है। सरकारी योजनाओं एवं विभिन्न आवश्यक सेवाओं का लाभ प्राप्त करने में भी आधार की महत्वपूर्ण भूमिका है। ऐसे में आधार से संबंधित सेवाएं लोगों को स्थानीय स्तर पर आसानी से उपलब्ध कराना आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि पलामू में आधार सेवा केंद्र की आवश्यकता को देखते हुए उन्होंने संबंधित स्तर पर लगातार प्रयास किया। उनके प्रयासों का परिणाम है कि पलामू जिले में बैरिया स्थित आधार सेवा केंद्र के साथ-साथ गढ़वा जिले में भी आधार सेवा केंद्र की स्वीकृति मिली है। इससे दोनों जिलों के नागरिकों को आधार संबंधी कार्यों के लिए स्थानीय स्तर पर बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी।
सांसद ने कहा कि आधार में नाम, पता, मोबाइल नंबर, बायोमेट्रिक सहित अन्य आवश्यक सुधार एवं अद्यतन जैसे कार्यों के लिए पलामू एवं गढ़वा के लोगों को कई बार रांची जाना पड़ता था। इससे उन्हें अतिरिक्त समय, धन और श्रम खर्च करना पड़ता था। अब अपने जिले में आधार सेवा केंद्र की सुविधा उपलब्ध होने से लोगों को ऐसे कार्यों के लिए रांची जाने की परेशानी से राहत मिलेगी।
उन्होंने कहा कि आधार सेवा केंद्र के माध्यम से आम नागरिकों को आधार से संबंधित आवश्यक सेवाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध होंगी। इससे विशेष रूप से बुजुर्गों, महिलाओं, विद्यार्थियों, ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों तथा दूर-दराज से आने वाले नागरिकों को काफी सुविधा मिलेगी।
सांसद श्री विष्णु दयाल राम ने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने में आधार की महत्वपूर्ण भूमिका है। इसलिए आधार से जुड़ी सेवाओं को सरल, सुलभ और पारदर्शी बनाना समय की आवश्यकता है।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों से कहा कि आधार सेवा केंद्र पर आने वाले नागरिकों को समयबद्ध एवं बेहतर सेवा उपलब्ध कराई जाए तथा उन्हें अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
सांसद ने कहा कि पलामू एवं गढ़वा की जनता को बेहतर जनसुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। क्षेत्र की जनता की समस्याओं के समाधान तथा आवश्यक सुविधाओं को स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कराने के लिए वे लगातार प्रयासरत हैं। आधार सेवा केंद्र की स्वीकृति एवं स्थापना इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
इस अवसर पर डालटनगंज विधायक आलोक चौरसिया, आधार के डिप्टी डायरेक्टर नीरज कुमार, सांसद प्रतिनिधि विजय ओझा, सांसद के निजी सचिव अलख दुबे, वरिष्ठ भाजपा नेता ईश्वरी पाण्डेय, भीष्म चौरसिया, शिवकुमार मिश्रा,कौशल झा सांसद प्रतिनिधि सुनील पांडेय, भोला पांडेय, सुमन गुप्ता सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।





