47वें वार्षिक महोत्सव का भव्य समापन, भजन-कीर्तन और भंडारे में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
गिरिडीह। श्री श्याम सेवा मंडल (रजि.), गिरिडीह द्वारा आयोजित श्री श्याम प्रभु खाटू वाले के 47वें वार्षिक महोत्सव का बुधवार को श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के बीच भव्य समापन हुआ। दो दिवसीय महोत्सव के दौरान रामबाग स्थित श्री महावीर कुटिया मंदिर प्रांगण बाबा श्याम की भक्ति में सराबोर रहा। भजन-कीर्तन की गूंज से पूरा वातावरण श्याममय बना रहा।
समापन अवसर पर आयोजित भजन-कीर्तन में जयपुर के अमित नामा, गिरिडीह के आकाश परिचय, कोलकाता के अभिषेक सिंघल एवं सोनभद्र के संजीव शर्मा ने बाबा श्याम के भजनों की मनमोहक प्रस्तुति दी। भजनों पर श्रद्धालु भाव-विभोर होकर झूमते नजर आए। महोत्सव के दौरान बाबा श्याम का भव्य श्रृंगार, आकर्षक दरबार, अखंड ज्योत, सवामणी एवं छप्पन भोग सहित विभिन्न धार्मिक आयोजन हुए। मंगलवार को 141 जोड़ी निशानों के साथ भव्य निशान एवं पालकी शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। समापन अवसर पर भव्य भंडारे एवं प्रसाद वितरण का आयोजन किया गया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। मंदिर परिसर में देर तक बाबा श्याम के जयकारे गूंजते रहे और श्रद्धालु भक्ति में सराबोर नजर आए।महोत्सव को सफल बनाने में संजय कुमार भुदौलिया, किशन अग्रवाल, बांके बिहारी शर्मा, मनोज खंडेलवाल, कुणाल कुमार मोदी, संजय शर्मा (सीए), प्रभात खेतान, नारायण सौंधालिया, रोहित जालान, डब्बू अग्रवाल, राकेश मोदी, बंटी खंडेलवाल, मुकेश जालान, सतीश केडिया, श्याम सौंधालिया, गोविंद सिंघानिया, राजेश सुराणा एवं अनिल खंडेलवाल सहित मंडल के सभी सदस्यों की सहभागिता रही। हारे का सहारा, बाबा श्याम हमारा” के जयकारों के बीच दो दिवसीय 47वें वार्षिक महोत्सव का भावपूर्ण समापन हुआ।






