चलचित्र दर्शन दिवस पर शिशु मंदिर में गूंजा ‘जय श्री राम’, 160 बच्चों ने देखा ‘हनुमान अंश’
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
गिरिडीह: सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, बरगंडा में गुरुवार को चलचित्र दर्शन दिवस के दौरान पूरा विद्यालय परिसर भक्ति और उत्साह से गूंज उठा। शिशु वाटिका के अरुण से प्रभात वर्ग तक के करीब 160 नन्हे भैया-बहनों ने डिवीने डेटॉर पुस्तक पर आधारित फिल्म ‘हनुमान अंश’ का आनंद लिया। पर्दे पर बजरंगबली का प्रसंग आते ही बच्चों ने उत्साह के साथ ‘जय श्री राम’ का उद्घोष किया। शिशु वाटिका प्रमुख कल्पना दीदी के दिशा निर्देशन में आयोजित इस विशेष कार्यक्रम के लिए कक्षा को ही आकर्षक सिनेमा हॉल का रूप दिया गया था। फिल्म के माध्यम से बच्चों को आस्था, भक्ति, साहस और दृढ़ संकल्प का संदेश दिया गया। बच्चों ने सीखा कि विश्वास और संकल्प के साथ कठिन से कठिन लक्ष्य को भी प्राप्त किया जा सकता है। विद्यालय परिवार के लिए यह आयोजन मनोरंजन के साथ साथ संस्कार और भारतीय संस्कृति से जुड़ने का माध्यम भी बना। नन्हे बच्चों ने फिल्म के पात्रों और प्रसंगों को उत्सुकता के साथ देखा तथा पूरे आयोजन में उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य आनंद कमल ने शिशु वाटिका प्रमुख कल्पना दीदी सहित प्रिया बिशाखा, बेबी सरकार, अनीता मिश्रा, गायत्री विश्वकर्मा, मोटूसी दान और सीमा शंघाई समेत सभी वाटिका दीदी के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि शिशु वाटिका में इस प्रकार के आयोजन बच्चों में भारतीय संस्कृति के प्रति गौरव, आस्था और एकाग्रता का भाव विकसित करने में सहायक होते हैं।






