MMDR बिल: झारखंड में बढ़ा राजनीतिक घमासान, विपक्ष का जोरदार हमला
गढ़वा।झारखंड में MMDR संशोधन बिल को लेकर राजनीतिक बयानबाज़ी तेज हो गई है। भाजपा नेता रिंकू तिवारी ने राज्य सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार जनता का ध्यान भटकाने के लिए MMDR बिल को लेकर “झूठा प्रचार” कर रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में गरीब और मेधावी युवाओं की नौकरियों से जुड़े मामलों में पारदर्शिता की कमी रही है। तिवारी ने यह भी कहा कि विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं जैसे CGL, JSSC और JPSC से जुड़े मामलों में कथित अनियमितताओं और आर्थिक लेन-देन के सवालों का सरकार को जवाब देना चाहिए।
रिंकू तिवारी ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार द्वारा लाया गया MMDR संशोधन बिल अवैध खनन और कोयला चोरी पर रोक लगाने की दिशा में एक समान कानून व्यवस्था लागू करने का प्रयास है। उन्होंने दावा किया कि इससे अवैध खनन गतिविधियों पर अंकुश लगेगा।
उन्होंने राज्य सरकार पर यह भी आरोप लगाया कि महिलाओं के कल्याण से जुड़ी योजनाओं के लाभ को लेकर भी असंतोष और भ्रम की स्थिति बनी हुई है। साथ ही उन्होंने विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन और लाभार्थियों तक पहुंच को लेकर सवाल उठाए।
तिवारी ने कहा कि राज्य सरकार को सभी आरोपों और सवालों पर स्पष्ट जवाब देना चाहिए ताकि जनता के बीच फैली भ्रांतियां दूर हो सकें।



.jpeg)


