पनघटवा डैम में नहाने के दौरान दर्दनाक हादसा, 20 वर्षीय युवक की डूबने से मौत, तीन बच्चे सुरक्षित
डंडई/धुरकी (गढ़वा)। प्रखंड के रारो गाँव की सीमा से सटे धुरकी प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत पनघटवा डैम में शनिवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। नहाने के दौरान गहरे पानी में चले जाने से 20 वर्षीय नीलेश कुमार की डूबने से असमय मौत हो गई। वहीं, उसके साथ मौजूद तीन बच्चों को स्थानीय ग्रामीणों एवं गोताखोरों की तत्परता से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इस घटना के बाद रारो एवं आसपास के क्षेत्रों में शोक की लहर दौड़ गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सभी लोग सोनेहरा गाँव में अपने एक रिश्तेदार के यहाँ आयोजित श्राद्ध कर्म में शामिल होने आए थे। शनिवार सुबह लगभग 10 बजे चारों लोग टहलते हुए पनघटवा डैम पहुँचे और नहाने के लिए पानी में उतर गए। इसी दौरान अचानक वे गहरे पानी की ओर चले गए और डूबने लगे। बच्चों की चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर पहुँचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
स्थानीय गोताखोरों ने तत्परता दिखाते हुए आयुष कुमार (12 वर्ष), तेजू कुमार (16 वर्ष) एवं शालुक (10 वर्ष) को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। प्राथमिक उपचार के बाद तीनों बच्चों को बेहतर इलाज के लिए गढ़वा सदर अस्पताल रेफर किया गया।
वहीं, बीजा प्रसाद के पुत्र नीलेश कुमार गहरे पानी में लापता हो गए थे। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुँची और ग्रामीणों व गोताखोरों के सहयोग से खोज अभियान चलाया गया। लगभग दो से तीन घंटे के प्रयास के बाद उनका शव बरामद किया गया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु सदर अस्पताल गढ़वा भेज दिया है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
प्रशासन एवं स्थानीय लोगों ने लोगों से अपील की है कि डैम, नदी एवं अन्य जलस्रोतों में सावधानीपूर्वक ही प्रवेश करें तथा बच्चों को बिना निगरानी जलाशयों के पास न जाने दें।



.jpeg)


