वज्रपात की चपेट में आने से 62 वर्षीय वृद्ध की मौत, परिवार में मचा कोहराम
राँची एक्सप्रेस संवाददाता बेंगाबाद
बेंगाबाद थाना क्षेत्र के भलकुद्दर पंचायत अंतर्गत विजयपुर गांव में शनिवार की देर शाम वज्रपात की घटना में 62 वर्षीय वृद्ध पाइका मुर्मू की मौत हो गई। घटना के बाद गांव सहित आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हादसे की खबर मिलते ही परिजन और ग्रामीण घटनास्थल की ओर दौड़े, लेकिन तब तक वृद्ध की मौत हो चुकी थी। बताया जाता है कि पाइका मुर्मू शनिवार को जानवर चराने के लिए जंगल की ओर गए थे। शाम को बारिश शुरू होने के बाद वह जानवरों को लेकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान तेज बारिश के बीच अचानक वज्रपात हुआ, जिसकी चपेट में आने से वह गंभीर रूप से झुलस गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और इसकी सूचना बेंगाबाद पुलिस को दी। सूचना पाकर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर अंत्यपरीक्षण की प्रक्रिया शुरू कर दी। इधर, घटना की जानकारी मिलने पर भलकुद्दर पंचायत के मुखिया भैयालाल मुर्मू भी मृतक के घर पहुंचे और शोकाकुल परिजनों को ढाढ़स बंधाया। बताया गया कि मृतक अपने पीछे पत्नी समेत भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। अचानक हुई इस घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी शोक का माहौल है।



.jpeg)


