मधवाडीह हाई स्कूल में 68 छात्र-छात्राओं को मिली साइकिल, चेहरे पर खिली खुशी
रांची एक्सप्रेस संवाददाता बेंगाबाद
बेंगाबाद प्रखंड क्षेत्र के पंचायत मधवाडीह स्थित उच्च विद्यालय मधवाडीह परिसर में मंगलवार को आयोजित साइकिल वितरण कार्यक्रम में 68 छात्र-छात्राओं के बीच साइकिल वितरित की गई। साइकिल मिलते ही विद्यार्थियों के चेहरे पर खुशी झलक उठी। कार्यक्रम में स्थानीय मुखिया सिद्दीक अंसारी समेत विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष, प्रधानाध्यापक, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में अभिभावक मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के 37 छात्र एवं 31 छात्राओं को साइकिल प्रदान की गई। विद्यालय परिवार की ओर से विद्यार्थियों को साइकिल का नियमित उपयोग कर समय पर विद्यालय पहुंचने तथा शिक्षा के प्रति गंभीर रहने के लिए प्रेरित किया गया। मौके पर मुखिया सिद्दीक अंसारी ने कहा कि विद्यार्थियों की सुविधा के लिए साइकिल वितरण महत्वपूर्ण पहल है। इससे दूर-दराज से विद्यालय आने वाले छात्र-छात्राओं को आवागमन में सहूलियत मिलेगी और उनकी नियमित उपस्थिति को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने विद्यार्थियों को मन लगाकर पढ़ाई करने तथा अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
कार्यक्रम में शिक्षकों एवं अभिभावकों ने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। साइकिल वितरण कार्यक्रम उत्साहपूर्ण एवं शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।






