मर्सी हॉस्पिटल के निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर में उमड़ी भीड़, 200 से अधिक मरीजों की हुई जांच
रांची एक्सप्रेस ब्यूरो गिरिडीह
गिरिडीह। मर्सी हॉस्पिटल, गिरिडीह में रविवार को आयोजित निःशुल्क मल्टी स्पेशलिटी स्वास्थ्य जांच शिविर में 200 से अधिक मरीजों ने स्वास्थ्य जांच कराकर चिकित्सकीय परामर्श लिया। शिविर में गिरिडीह शहर के अलावा आसपास के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचे।
शिविर में स्त्री एवं प्रसूति रोग, जनरल मेडिसिन, हड्डी एवं जोड़, जनरल सर्जरी, बाल रोग, नेत्र, ईएनटी, दंत, त्वचा और मूत्र रोग से संबंधित मरीजों की जांच की गई। इसके साथ ही ब्लड प्रेशर और ब्लड शुगर की जांच निःशुल्क की गई।
अस्पताल प्रबंधन की ओर से पैथोलॉजी जांच पर 20 प्रतिशत, रेडियोलॉजी जांच पर 10 प्रतिशत और आईपीडी बिल पर 10 प्रतिशत तक की छूट भी दी गई। शिविर में आने वाले लोगों को निःशुल्क मेंबरशिप कार्ड भी प्रदान किया गया।
मर्सी हॉस्पिटल के सीईओ डॉ. पी. एच. मिश्रा ने कहा कि जरूरतमंद लोगों तक सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना अस्पताल की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी इस तरह के निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर लगातार आयोजित किए जाएंगे।
शिविर को सफल बनाने में चिकित्सकों, स्वास्थ्यकर्मियों और सहयोगियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।






