चार दिवसीय गणेश महोत्सव के बाद श्रद्धा के साथ हुआ गणपति विसर्जन
बरकाकाना। नया नगर बरकाकाना स्थित सीसीएल आवासीय कॉलोनी में समाजसेवी मनोज सैनी के आवास पर आयोजित चार दिवसीय गणेश महोत्सव का शुक्रवार को श्रद्धा एवं भक्तिमय वातावरण में समापन हुआ। महोत्सव के अंतिम दिन विध्नहर्ता भगवान गणेश की विधि-विधान एवं पूरे श्रद्धाभाव के साथ पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद श्रद्धालुओं ने भगवान गणेश की प्रतिमा को भव्य रूप से विसर्जन के लिए निकाला। इस दौरान श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला। भक्तों ने गणपति बप्पा के जयकारे लगाते हुए शोभायात्रा के रूप में प्रतिमा को पोचरा तालाब तक पहुंचाया। पूरे रास्ते भक्तिमय माहौल बना रहा। श्रद्धालुओं ने भगवान गणेश से क्षेत्र में सुख, शांति, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। पोचरा तालाब पहुंचने के बाद पूजा-अर्चना एवं अन्य धार्मिक अनुष्ठान पूरे करने के पश्चात विधि-विधान से भगवान गणेश की प्रतिमा का विसर्जन किया गया।
चार दिनों तक चले गणेश महोत्सव के दौरान प्रतिदिन श्रद्धालुओं द्वारा भगवान गणेश की पूजा-अर्चना की गई। अंतिम दिन बड़ी संख्या में लोगों ने शामिल होकर भगवान गणेश का आशीर्वाद लिया और अगले वर्ष पुनः आगमन की कामना के साथ भावपूर्ण विदाई दी। विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं के बीच आपसी भाईचारा और उत्साह का माहौल बना रहा। मौके पर हरि रत्नम साहू, मनोज सैनी, सुदर्शन महतो, हैप्पी मांगर, जुगनू मांगर, नागेंद्र सोनी, लव कुमार, अरविंद सिंह, गुड्डू सिंह, विशाल पासवान, भारत प्रसाद, विक्की पासवान, प्रयाग पासवान एवं लुक्का बेदिया सहित अन्य श्रद्धालु शामिल रहे।



.jpeg)


