मवेशी चराने गई महिला के बंद घर का ताला तोड़कर लाखों के जेवरात चोरी
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
बगोदर / गिरिडीह: बगोदर थाना क्षेत्र के पोखरिया पंचायत अंतर्गत पोचरी गांव में दिनदहाड़े बंद घर का ताला तोड़कर चोरी की घटना सामने आई है। अज्ञात चोरों ने घर में रखे बक्से को खंगालकर सोने-चांदी के आभूषणों पर हाथ साफ कर दिया। चोरी गए जेवरात की कीमत करीब ढाई लाख रुपये से बताई बताई जा रही है।बताया जाता है कि पोचरी गांव निवासी बसंती देवी, पति बलदेव महतो दिन में अपने घर में ताला लगाकर मवेशी चराने गई थीं। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने बंद घर को निशाना बनाया। चोरों ने दरवाजे का ताला तोड़कर घर के अंदर प्रवेश किया और बक्से में रखे आभूषण चोरी कर फरार हो गए।मवेशी चराने के बाद जब बसंती देवी घर लौटीं तो दरवाजे का ताला टूटा हुआ देखकर उन्हें चोरी की जानकारी हुई। घर के अंदर जाने पर सामान बिखरा मिला तथा बक्से में रखे आभूषण गायब थे।गृहस्वामिनी के अनुसार चोरी हुए सामान में करीब 19 ग्राम सोने की चेन, तीन जोड़ी पायल, चांदी की मढ़िया और सोने का एक लॉकेट शामिल है। चोरी गए आभूषणों की अनुमानित कीमत करीब तीन लाख रुपये से अधिक बताई गई है।घटना की जानकारी मिलने के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। मामले की सूचना बगोदर पुलिस को दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर अज्ञात चोरों का पता लगाने में जुटी है। दिनदहाड़े चोरी की घटना से ग्रामीणों में चिंता का माहौल है।






