गावां में एल विनोज फुटबॉल टूर्नामेंट का समापन, ग्लोरियस पब्लिक स्कूल ने जीता खिताब
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
गावां। गावां खेल मैदान में आयोजित दो दिवसीय एल विनोज फुटबॉल टूर्नामेंट का बुधवार को समापन हुआ। टूर्नामेंट में कुल 16 टीमों ने हिस्सा लिया। फाइनल मुकाबले में ग्लोरियस पब्लिक स्कूल और वरु झरना की टीम के बीच रोमांचक मुकाबला हुआ। निर्धारित समय तक दोनों टीमें बराबरी पर रहीं, जिसके बाद पेनल्टी शूटआउट के जरिए ग्लोरियस पब्लिक स्कूल की टीम ने जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम किया।
विजेता टीम को 15 हजार रुपये और ट्रॉफी, जबकि उपविजेता टीम को 10 हजार रुपये देकर सम्मानित किया गया। वहीं तीसरे और चौथे स्थान पर रहने वाली टीमों को 5-5 हजार रुपये की पुरस्कार राशि दी गई।
समापन समारोह में विभिन्न विद्यालयों के प्राचार्य, समाजसेवी, युवा कार्यकर्ता और खेलप्रेमी मौजूद रहे। समाजसेवी अमित बर्नवाल एवं युवा समाजसेवी जीतू सिंह सहित अन्य अतिथियों ने विजेता और उपविजेता टीम के खिलाड़ियों को मेडल पहनाकर सम्मानित किया।
आयोजकों ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह के खेल आयोजन से युवाओं को खेल के प्रति प्रोत्साहन मिलता है और उन्हें अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच मिलता है। टूर्नामेंट के दौरान बड़ी संख्या में दर्शक मैदान में मौजूद रहे और खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया। मोहम्मद शमशाद आलम ने कमेंट्री की भूमिका निभाई।
आयोजन को सफल बनाने में गुलशन कुमार, मोहम्मद अजहर खान, फंटूश खान सहित कई लोगों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। समापन अवसर पर विभिन्न विद्यालयों के प्राचार्य एवं गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे।






