BREAKING NEWS

logo

साइबर अपराधी को छुड़ाने के लिए पुलिस टीम पर हमला, पथराव में वाहन क्षतिग्रस्त; आरोपी फरार


रांची एक्सप्रेस ब्यूरो

गिरिडीह। जिले के अहिल्यापुर थाना क्षेत्र के चिकसोरिया गांव में बुधवार देर रात साइबर अपराधी की गिरफ्तारी के लिए पहुंची पुलिस टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया। ग्रामीणों द्वारा किए गए पथराव में पुलिस वाहन क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि भीड़ और अफरा-तफरी का फायदा उठाकर गिरफ्तार साइबर अपराधी पुलिस गिरफ्त से फरार हो गया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।

जानकारी के अनुसार, साइबर थाना प्रभारी रामेश्वर भगत के नेतृत्व में पुलिस टीम को सूचना मिली थी कि साइबर अपराधी चूरामन मंडल चिकसोरिया गांव में अपनी ससुराल में छिपा हुआ है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम बुधवार देर रात करीब एक बजे गांव पहुंची और कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

बताया जाता है कि गिरफ्तारी की भनक लगते ही गांव में हल्ला मच गया। देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए और पुलिस टीम को चारों ओर से घेर लिया। आरोप है कि ग्रामीणों ने पुलिस वाहन पर जमकर पथराव शुरू कर दिया, जिससे वाहन के शीशे टूट गए और गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई।

स्थिति बिगड़ती देख पुलिसकर्मियों को वहां से पीछे हटना पड़ा। इसी दौरान मची अफरा-तफरी का फायदा उठाकर ग्रामीण गिरफ्तार साइबर अपराधी को छुड़ाने में सफल रहे। आरोपी मौके से फरार हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही गांडेय थाना और अहिल्यापुर थाना की अतिरिक्त पुलिस टीम मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया।

साइबर थाना प्रभारी रामेश्वर भगत ने बताया कि सूचना के आधार पर टीम आरोपी की गिरफ्तारी के लिए गई थी। आरोपी को पकड़ भी लिया गया था, लेकिन ग्रामीणों ने पुलिस को घेरकर पथराव शुरू कर दिया। किसी तरह पुलिसकर्मी वहां से सुरक्षित निकले, हालांकि वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। उन्होंने बताया कि घटना को लेकर अहिल्यापुर थाना में अलग से प्राथमिकी दर्ज की जाएगी तथा आरोपी और हमलावरों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।

मुख्य बिंदु

साइबर अपराधी चूरामन मंडल को गिरफ्तार करने गई थी पुलिस टीम।

चिकसोरिया गांव में ग्रामीणों ने पुलिस को घेरकर किया पथराव।

पथराव में पुलिस वाहन क्षतिग्रस्त।

अफरा-तफरी के बीच गिरफ्तार आरोपी फरार।

अतिरिक्त पुलिस बल पहुंचने के बाद स्थिति हुई सामान्य।

हमलावरों के खिलाफ दर्ज होगी प्राथमिकी।