सुदिव्य कुमार सोनू के निधन से गिरिडीह को अपूरणीय क्षति : माले
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
गिरिडीह: झारखंड सरकार के मंत्री एवं गिरिडीह विधायक सुदिव्य कुमार सोनू के आकस्मिक निधन पर भाकपा(माले) ने गहरा शोक व्यक्त किया है। माले नेताओं ने कहा कि सुदिव्य कुमार सोनू का असामयिक निधन गिरिडीह की जनता के लिए बेहद दुखद और अपूरणीय क्षति है। माले नेता ने कहा कि वे करीब साढ़े तीन बजे मर्सी हॉस्पिटल पहुंचे थे। उस समय ही उनके निधन की सूचना सामने आ चुकी थी, हालांकि आधिकारिक घोषणा में कुछ समय की देरी हुई। उन्होंने कहा कि के.बी. सहाय के बाद सुदिव्य कुमार सोनू गिरिडीह के ऐसे नेताओं में थे, जो लगातार क्षेत्र के विकास और जनता के लिए काम कर रहे थे। उनका जाना गिरिडीह के लिए बेहद अफसोस की बात है और उनकी कमी की पूर्ति संभव नहीं है। गिरिडीह नगर कमिटी की ओर से दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए माले नेताओं ने ईश्वर से शोकाकुल परिवार को इस कठिन घड़ी में दुःख सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की। बताया गया कि मर्सी हॉस्पिटल में सुबह करीब चार बजे से ही माले के पूर्व विधायक राजकुमार यादव, विनोद सिंह, जिला सचिव अशोक पासवान, राजेश सिन्हा समेत बड़ी संख्या में पार्टी के नेता और सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे। जिला कार्यालय में श्रद्धांजलि कार्यक्रम के बाद नेता एवं कार्यकर्ता दिवंगत मंत्री के आवास पर भी पहुंचकर अंतिम श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।






