नशा उन्मूलन, पोक्सो एक्ट, साइबर फ्रॉड व सड़क सुरक्षा की दी जानकारी
भुरकुंडा। भदानीनगर पुलिस ने ओपी क्षेत्र अंतर्गत बाल विकास उच्च विद्यालय लादी के विद्यार्थियों के बीच बुधवार को विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया। इस दौरान विद्यार्थियों को नशा उन्मूलन, पोक्सो एक्ट, साइबर फ्रॉड और सड़क सुरक्षा से संबंधित विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। इस दौरान ओपी प्रभारी मो अख्तर अली ने विद्यार्थियों को जागरूक करते हुए किसी भी आपात अथवा विकट परिस्थिति में पुलिस की त्वरित मदद के लिए डायल 112 का उपयोग करने का निर्देश दिया। इसके साथ ही साइबर फ्रॉड की घटना होने पर तत्काल 1930 पर कॉल कर सूचना दर्ज कराने और अग्रिम कार्रवाई सुनिश्चित करने के प्रति जागरूक किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी देश का भविष्य हैं और उन्हें हर प्रकार के अपराध व सामाजिक बुराइयों के प्रति जागरूक होना आवश्यक है। नशा न केवल स्वास्थ्य को हानि पहुंचाता है, बल्कि भविष्य को भी अंधकारमय बना देता है। इसके अलावा वर्तमान दौर में डिजिटल तकनीक के बढ़ते प्रयोग के साथ सतर्कता भी बेहद जरूरी है। किसी भी अज्ञात कॉल, संदिग्ध लिंक या प्रलोभन से बचें और अपना ओटीपी किसी से साझा न करें। वहीं विद्यालय प्रबंधन ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों में जागरूकता बढ़ती है और वे बेहतर निर्णय लेने में सक्षम बनते हैं। मौके पर विद्यालय के शिक्षक व दर्जनों विद्यार्थी मौजूद थे।







