BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

जोड़ासिमर से तिलैया तक सड़क जर्जर, गड्ढों के बीच सफर करने को मजबूर ग्रामीण


ग्रामीणों ने सड़क की तत्काल मरम्मत व पुनर्निर्माण की मांग की

रांची एक्सप्रेस संवाददाता 

गावां। गिरिडीह जिले के गावां प्रखंड अंतर्गत पसनौर पंचायत में जोड़ासिमर से बलथरवा, दूधपनिया होते हुए तिलैया गांव तथा बंगालीबारा-मंझने तक जाने वाली सड़क लंबे समय से जर्जर हालत में है। सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे और उबड़-खाबड़ रास्ते होने के कारण ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों के अनुसार इस सड़क से आसपास के कई गांवों के लोग प्रतिदिन आवागमन करते हैं। सड़क की बदहाली के कारण पैदल चलने के साथ-साथ बाइक, ऑटो और अन्य वाहनों से यात्रा करना भी मुश्किल हो गया है। बारिश के दिनों में स्थिति और भी गंभीर हो जाती है, जब सड़क के गड्ढों में पानी भर जाने से दुर्घटना का खतरा बढ़ जाता है।

वार्ड सदस्य रमेश हांसदा ने बताया कि बलथरवा गांव से गावां प्रखंड मुख्यालय की दूरी करीब 20 से 25 किलोमीटर है। सड़क खराब होने के कारण ग्रामीणों को प्रखंड मुख्यालय पहुंचने में काफी समय और परेशानी का सामना करना पड़ता है।

सड़क की जर्जर स्थिति का सबसे अधिक असर स्कूली बच्चों, बुजुर्गों, मरीजों और रोजमर्रा के काम से आने-जाने वाले ग्रामीणों पर पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क खराब होने से जरूरी कामों के लिए आने-जाने में समय के साथ आर्थिक और शारीरिक परेशानी भी बढ़ रही है।

ग्रामीणों ने एकजुट होकर संबंधित विभाग एवं जिला प्रशासन से जोड़ासिमर से बलथरवा, दूधपनिया होते हुए तिलैया तथा बंगालीबारा-मंझने तक सड़क की तत्काल जांच कर मरम्मत एवं पुनर्निर्माण कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क के निर्माण से बलथरवा समेत आसपास के दर्जनों गांवों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिलेगी और प्रखंड मुख्यालय सहित अन्य क्षेत्रों तक पहुंचना आसान हो जाएगा।

मौके पर रमेश हांसदा, बड़की सोरेन, छोटकी बेसरा, जगदीश मुर्मू, जागो बेसरा समेत दर्जनों ग्रामीण मौजूद थे।