रांची एक्सप्रेस संवाददाता बेंगाबाद
बेंगाबाद-मधुपुर एनएच पथ पर बुधवार की दोपहर झलकडीहा के पास दो बाइकों की टक्कर में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से इलाज के लिए बेंगाबाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। घायलों में करगालो भौंराटांड़ निवासी संतोष मरांडी और अहिल्यापुर निवासी सौरभ कुमार शामिल हैं। बताया जाता है कि सौरभ कुमार देवघर की ओर से बाइक से अपने घर अहिल्यापुर लौट रहे थे। वहीं संतोष मरांडी भौंराटांड़ से झलकडीहा स्थित अपने ससुराल जा रहे थे। इसी दौरान झलकडीहा के समीप दोनों बाइकों के बीच पीछे से टक्कर हो गई। हादसे में दोनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। संतोष मरांडी के एक पैर में गंभीर चोट आई है और चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने अहिल्यापुर निवासी सौरभ कुमार की बाइक को अपने कब्जे में ले लिया। समाचार लिखे जाने तक घटना की सूचना बेंगाबाद पुलिस को दिए जाने की जानकारी नहीं थी।







