BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

किस्त के तगादे से परेशान वार्ड सदस्य ने फांसी लगाकर दी जान


रांची एक्सप्रेस संवाददाता बेंगाबाद 

बेंगाबाद थाना क्षेत्र के कर्णपुरा पंचायत अंतर्गत भोजदहा गांव में बुधवार सुबह उस समय मातम पसर गया, जब वार्ड सदस्य शाहिद अंसारी (40) का शव बंद कमरे में फंदे से झूलता मिला। घटना मंगलवार रात की बताई जा रही है। आत्महत्या के कारणों का फिलहाल स्पष्ट रूप से पता नहीं चल पाया है। हालांकि, पुलिस के अनुसार स्थानीय लोगों ने बताया कि शाहिद ने किस्त पर एक जेसीबी मशीन और दो ट्रैक्टर लिए थे, जिसके लिए लगातार तगादा किया जा रहा था। इससे वह पिछले कुछ दिनों से परेशान चल रहे थे। सूचना मिलने पर बेंगाबाद सीओ सफी आलम, थाना प्रभारी अमन कुमार सिंह, एसआई जगन्नाथ पान सहित पुलिस बल भोजदहा पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गिरिडीह सदर अस्पताल भेज दिया। घटना के बाद गांव में शोक की लहर है। परिजनों के चित्कार से माहौल गमगीन बना रहा। सीओ सफी आलम ने परिजनों को ढांढस बंधाया। बताया गया कि शाहिद अंसारी कर्णपुरा पंचायत के वार्ड संख्या नौ, भोजदहा के वार्ड सदस्य थे। उनके परिवार में पत्नी के अलावा दो पुत्रियां और एक पुत्र हैं। परिजनों के अनुसार, मंगलवार रात खाना खाने के बाद शाहिद अपने कमरे में सोने चले गए और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। बुधवार सुबह काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर परिजनों और ग्रामीणों ने खिड़की से अंदर झांककर देखा तो वह पंखे से गमछे के सहारे फंदे पर लटके मिले। इसके बाद दरवाजा तोड़कर उन्हें नीचे उतारा गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई। इधर, थाना प्रभारी अमन कुमार सिंह ने बताया कि मृतक का मोबाइल पुलिस ने अपने कब्जे में लिया है। मोबाइल बंद रहने के कारण फिलहाल कॉल डिटेल नहीं निकाली जा सकी है। उन्होंने कहा कि पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।