BREAKING NEWS

logo

श्रीनाथ विश्वविद्यालय में 26 मई को लगेगा मेगा जॉब एवं अप्रेंटिसशिप फेयर, युवाओं के लिए नौकरी पाने का सुनहरा अवसर


श्रीनाथ विश्वविद्यालय के तत्वावधान में आमधने के सहयोग से 26 मई 2026 को मेगा जॉब कम अप्रेंटिसशिप फेयर 2026 का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन सुबह नौ बजे से विश्वविद्यालय परिसर में शुरू होगा। इस पहल का उद्देश्य युवाओं एवं विद्यार्थियों को प्रतिष्ठित कंपनियों के साथ सीधे जोड़ते हुए रोजगार एवं अप्रेंटिसशिप के अवसर उपलब्ध कराना है। जॉब फेयर में पंजीकरण पूरी तरह नि:शुल्क रखा गया है, ताकि अधिक से अधिक छात्र एवं नौकरी के इच्छुक अभ्यर्थी इसका लाभ उठा सकें।

यह जॉब मेला 10वीं एवं 12वीं उत्तीर्ण विद्यार्थियों, आईटीआई छात्रों, डिप्लोमा धारकों, वर्ष 2026 के अंतिम वर्ष के स्नातक छात्रों तथा वर्ष 2024 एवं 2025 के पासआउट विद्यार्थियों के लिए खुला रहेगा। मेले में एमआरएफ, अपोलो टायर्स, बजाज ऑटो, थ्री एम, योकोहामा टायर्स, याजाकी, वर्सुनी, कोसोल तथा धूत ट्रांसमिशन्स जैसी प्रतिष्ठित कंपनियां भाग लेंगी, जो विभिन्न क्षेत्रों में रोजगार एवं अप्रेंटिसशिप के अवसर प्रदान करेंगी।

विश्वविद्यालय प्रबंधन ने जानकारी देते हुए बताया कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य युवाओं की रोजगार क्षमता को बढ़ाना तथा उन्हें उद्योग जगत से सीधे जोड़ना है। इच्छुक अभ्यर्थी क्यूआर कोड स्कैन कर अपना पंजीकरण करा सकते हैं। पंजीकरण की अंतिम तिथि 24 मई निर्धारित की गई है। अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी +91 90604 04989 पर संपर्क कर सकते हैं।