पश्चिमी सिंहभूम, 18 मई । किरीबुरू थाना क्षेत्र स्थित मिलन चौक में युवक पर चाकू से जानलेवा हमला करने वाले आरोपित कालू करूआ को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद से फरार चल रहे आरोपित को किरीबुरू थाना प्रभारी रोहित कुमार के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने दबोच लिया। गिरफ्तारी के बाद सोमवार को उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
जानकारी के अनुसार, 16 मई की देर शाम मिलन चौक निवासी 32 वर्षीय चंद्रमोहन गोप पर करूआ बस्ती निवासी कालू करूआ ने चाकू से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। घायल युवक ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि वह मजदूरी कर घर लौटने के बाद पास की दुकान से सामान लेने गया था। उसी दौरान वहां मौजूद कालू करूआ उससे तमिल भाषा में कुछ बोलने लगा। भाषा समझ नहीं आने पर उसने इसे सामान्य मजाक समझते हुए जवाब दिया, जिससे आरोपी अचानक नाराज हो गया और चाकू निकालकर उसके गले पर हमला कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आरोपित ने बेहद आक्रामक तरीके से वार किया, जिससे चंद्रमोहन गोप लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। घटना के बाद अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत घायल युवक को सेल अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज किया गया। चिकित्सकों के अनुसार अब उसकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई थी। थाना प्रभारी रोहित कुमार ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपित की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया। जिसके बाद पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की।






