BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में युद्धस्तर पर सफाई एवं आपदा प्रबंधन कार्य


जमशेदपुर, 19 अगस्त 2026:
हाल में हुई भारी वर्षा एवं बाढ़ की स्थिति के बाद बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में स्वच्छता, जल निकासी एवं आपदा प्रबंधन कार्यों को प्राथमिकता देते हुए जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति (JNAC) द्वारा युद्धस्तर पर सफाई एवं पुनर्स्थापना कार्य कराया जा रहा है।

नगर आयुक्त श्री योगेन्द्र प्रसाद, J.A.S. के निर्देशानुसार शास्त्रीनगर, कल्याण नगर, बागुनहातु एवं बारीडीह सहित अन्य प्रभावित क्षेत्रों में विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा है। लगातार माइकिंग करते लोगो को सचेत भी किया जा रहा है । इन क्षेत्रों में सफाई कर्मियों, वाहनों एवं आवश्यक मशीनरी की तैनाती कर बाढ़ के बाद जमा कीचड़, गाद, कचरा एवं अन्य अवशेषों को हटाने का कार्य किया जा रहा है। साथ ही ब्लीचिंग पाउडर की छिड़काव,प्रभावित परिवारो को खाद्य सामग्री का वितरण आदि भी सुनिश्चित किया जा रहा है । 

प्रभावित क्षेत्रों में नालियों की सफाई, अवरुद्ध जल निकासी मार्गों को खोलने, सड़क एवं सार्वजनिक स्थलों की सफाई तथा जमा कचरे के त्वरित उठाव पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। आवश्यकता के अनुसार कीटाणुनाशक एवं ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव तथा फॉगिंग की कार्रवाई भी सुनिश्चित की जा रही है, ताकि बाढ़ के बाद संक्रमण एवं मच्छरजनित बीमारियों के संभावित खतरे को कम किया जा सके।

सभी संबंधित पदाधिकारी एवं सुपरवाइजर बाढ़ संभावित एवं संवेदनशील क्षेत्रों पर लगातार नजर बनाए हुए हैं तथा क्षेत्र की स्थिति की नियमित निगरानी करते हुए आवश्यकता के अनुसार तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित कर रहे हैं। संवेदनशील एवं निचले इलाकों में स्थिति पर विशेष निगरानी रखी जा रही है तथा आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त मानवबल, सफाई वाहन एवं मशीनरी की तैनाती की जा रही है।

नगर आयुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों एवं सफाई टीमों को निर्देश दिया है कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में सफाई एवं जल निकासी कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही न हो तथा प्राप्त शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

नागरिकों के लिए हेल्पलाइन

बाढ़, जलजमाव, सफाई, जल निकासी अथवा आपदा प्रबंधन से संबंधित किसी भी समस्या की सूचना नागरिक हेल्पलाइन नंबर 079-70625111 पर दे सकते हैं। प्राप्त शिकायतों को संबंधित टीम तक पहुंचाकर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

नगर निकाय द्वारा नागरिकों से अपील की गई है कि वे बाढ़ के बाद सड़कों, नालियों एवं सार्वजनिक स्थलों पर कचरा न डालें, जलजमाव वाले क्षेत्रों में सावधानी बरतें तथा किसी भी आपात स्थिति अथवा स्वच्छता संबंधी समस्या की तत्काल सूचना हेल्पलाइन पर दें।

नगर निकाय की प्राथमिकता है कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में सफाई, जल निकासी एवं जनसुरक्षा से संबंधित कार्यों को शीघ्र पूरा कर प्रभावित क्षेत्रों में सामान्य स्थिति बहाल की जाए।

हेल्पलाइन: 079-70625111