जमशेदपुर में चेन स्नेचिंग के बाद पुलिस-बदमाशों में मुठभेड़, एक आरोपी घायल
जमशेदपुर में सोमवार शाम चेन स्नेचिंग की घटना के बाद पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ होने की सूचना है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार टेल्को थाना क्षेत्र में बाइक सवार दो बदमाशों ने एक महिला से सोने की चेन छीन ली और फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही टेल्को, सिदगोड़ा समेत कई थानों की पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों अपराधियों का पीछा शुरू किया।
बताया जा रहा है कि पीछा किए जाने के दौरान बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। सूत्रों के अनुसार भागने के क्रम में अपराधियों ने करीब पांच राउंड गोलियां चलाईं। इसके बाद दोनों आरोपी सिदगोड़ा थाना क्षेत्र स्थित सूर्य मंदिर के पास झारखंड आर्म्ड पुलिस (JAP) परिसर में जा घुसे, जहां मौजूद जवानों ने उन्हें दबोच लिया।
सूत्रों के मुताबिक कार्रवाई के दौरान एक आरोपी के घायल होने की भी सूचना है। पुलिस ने आरोपियों के पास से एक पिस्तौल और 10 से अधिक जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। हालांकि, समाचार लिखे जाने तक पुलिस अधिकारियों की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है।
पुलिस द्वारा मामले से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी।





