BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के जमशेदपुर आगमन को लेकर सुरक्षा कड़ी, धालभूम अनुमंडल 28 घंटे के लिए नो-फ्लाइंग जोन



पूर्वी सिंहभूम:  राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के सोमवार को प्रस्तावित जमशेदपुर आगमन को लेकर जिला प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। इसी क्रम में पूरे धालभूम अनुमंडल क्षेत्र को रविवार शाम 6 बजे से सोमवार रात 10 बजे तक नो-फ्लाइंग जोन घोषित किया गया है। करीब 28 घंटे तक प्रभावी रहने वाले इस आदेश के तहत किसी भी प्रकार के ड्रोन, हॉट एयर बैलून अथवा अन्य उड़ने वाले उपकरणों के संचालन पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।



धालभूम के अनुमंडल पदाधिकारी चंद्रजीत सिंह ने उपायुक्त के निर्देश पर इस संबंध में आदेश जारी किया है। आदेश के अनुसार, यह प्रतिबंध केवल जमशेदपुर शहर तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि पोटका, पटमदा और बोड़ाम प्रखंड भी नो-फ्लाइंग जोन के दायरे में शामिल होंगे। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु सोमवार सुबह 10 बजकर 10 मिनट पर वायुसेना के हेलीकॉप्टर से सोनारी एयरपोर्ट पर उतरेंगी। इसके बाद वे जमशेदपुर में आयोजित दो महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में भाग लेंगी। पहला कार्यक्रम करनडीह स्थित दिशोम जाहेर में आयोजित ओल चिकी लिपि के शताब्दी समारोह का होगा, जबकि इसके उपरांत वे राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) के दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी।


कार्यक्रमों के समापन के बाद राष्ट्रपति दोपहर 3:30 बजे के बाद वायुसेना के हेलीकॉप्टर से रांची के लिए प्रस्थान करेंगी। पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग करें और नो-फ्लाइंग जोन से जुड़े सभी निर्देशों का सख्ती से पालन करें, ताकि राष्ट्रपति का दौरा शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराया जा सके।