BREAKING NEWS

logo

जमशेदपुर में झारक्राफ्ट के नए इम्पोरियम का उद्घाटन, उद्योग मंत्री ने किया शुभारंभ


झारखंड सरकार के उद्योग विभाग के अधीन कार्यरत झारक्राफ्ट द्वारा जमशेदपुर के बिष्टुपुर स्थित मेन रोड पर नए इम्पोरियम का उद्घाटन किया गया। इस कार्यक्रम में राज्य के उद्योग मंत्री श्री संजय प्रसाद यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके साथ उपायुक्त पूर्वी सिंहभूम श्री राजीव रंजन, झारक्राफ्ट की प्रबंध निदेशक गरिमा सिंह तथा अन्य प्रशासनिक एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए उद्योग मंत्री ने कहा कि झारखंड अपनी समृद्ध जनजातीय संस्कृति, हस्तशिल्प, हथकरघा और प्राकृतिक सौंदर्य के लिए विशेष पहचान रखता है। राज्य के कारीगरों द्वारा बनाए गए उत्पाद न केवल वस्तुएं हैं, बल्कि वे हमारी सांस्कृतिक विरासत के प्रतीक हैं।

उन्होंने कहा कि यह नया इम्पोरियम केवल एक व्यापारिक केंद्र नहीं, बल्कि ‘वोकल फॉर लोकल’ के संकल्प को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। आज वैश्विक स्तर पर हस्तनिर्मित और प्राकृतिक उत्पादों की मांग तेजी से बढ़ रही है, जिसमें झारखंड की डोकरा कला, तसर सिल्क, सोहराय पेंटिंग और बाँस-लकड़ी के उत्पाद विशेष रूप से लोकप्रिय हो रहे हैं।

मंत्री ने बताया कि झारक्राफ्ट ने अब तक 25 हजार से अधिक बुनकरों और कारीगरों को रोजगार प्रदान किया है। इसके साथ ही 120 प्राथमिक बुनकर सहयोग समितियाँ और स्वयं सहायता समूह तथा 220 से अधिक कर्मचारी इस संस्था से जुड़े हुए हैं।

वर्तमान में झारक्राफ्ट के इम्पोरियम रांची, धनबाद, देवघर के अलावा देश के प्रमुख महानगरों जैसे बेंगलुरु, कोलकाता, दिल्ली और मुंबई में संचालित हैं। देशभर में कुल 14 इम्पोरियम के माध्यम से राज्य के हस्तशिल्प, हथकरघा और सिल्क उत्पादों को बढ़ावा दिया जा रहा है।

मंत्री ने सभी कारीगरों, डिजाइनरों और झारक्राफ्ट से जुड़े कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि राज्य सरकार उनके कौशल विकास, विपणन और आर्थिक सशक्तिकरण के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह नया इम्पोरियम जमशेदपुर में आकर्षण का केंद्र बनेगा और झारखंड की कला एवं संस्कृति को नई पहचान दिलाने में अहम भूमिका निभाएगा।