BREAKING NEWS

logo

जुगसलाई फायरिंग कांड का खुलासा, पांच अपराधी गिरफ्तार


देसी पिस्तौल और जिंदा गोली बरामद, पुरानी रंजिश में दुकानदार पर चलाई थी गोली
जमशेदपुर के जुगसलाई थाना क्षेत्र में दुकानदार पर फायरिंग कर दहशत फैलाने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच अपराधियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से एक देसी पिस्तौल और एक जिंदा गोली भी बरामद की गई है। बुधवार को सिटी एसपी ललित मीणा ने प्रेस वार्ता कर पूरे मामले का खुलासा किया।
गिरफ्तार आरोपियों में मो. अरमानुद्दीन उर्फ पलटन, मो. अरमान उर्फ राज बच्चा, जफर अली उर्फ मुर्गा राजू, मो. आरिफ अंसारी और अमनदीप सिंह शामिल हैं। सभी आरोपी जुगसलाई थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं और इनका पूर्व से आपराधिक इतिहास रहा है।
सिटी एसपी ने बताया कि दुकानदार पर गोली अरमानुद्दीन उर्फ पलटन ने चलाई थी। घटना में कुल पांच अपराधी शामिल थे, जिन्हें पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में सामने आया है कि पुरानी रंजिश को लेकर अपराधियों ने दुकानदार को निशाना बनाया था।
जानकारी के अनुसार, 31 जुलाई को जुगसलाई थाना क्षेत्र के मिल्लत नगर रोड स्थित इम्तियाज जनरल स्टोर के बाहर अपराधियों ने फायरिंग की थी। घटना में दुकानदार बाल-बाल बच गया था। आरोपियों ने दुकान मालिक के साथ मारपीट करने के साथ दुकान में तोड़फोड़ भी की थी।
मामले को लेकर दुकान मालिक इम्तियाज ने जुगसलाई थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। दुकानदार का आरोप था कि उधारी का पैसा मांगने पर अपराधियों ने फायरिंग की थी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।