5 घंटे में पुलिस ने सुलझाया अपहरण कांड: युवक सकुशल बरामद, दो आरोपी गिरफ्तार
श्री बंशीधर नगर(गढ़वा)। गढ़वा पुलिस ने अपहरण और फिरौती मांगने के एक सनसनीखेज मामले का महज पांच घंटे के भीतर खुलासा करते हुए अपहृत युवक को सकुशल बरामद कर लिया। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मामले में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि अन्य फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है।
इस संबंध में एसडीपीओ सत्येंद्र नारायण सिंह ने गुरुवार को अपने कार्यालय कक्ष में आयोजित प्रेसवार्ता में जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस की सक्रियता और समय पर कार्रवाई से एक बड़ी घटना को टाल दिया गया तथा अपहृत युवक की जान बचाने में सफलता मिली।
उन्होंने बताया कि गत 3 जून को गढ़वा पुलिस अधीक्षक को सूचना मिली थी कि एलएनटी कंपनी में पाइप फिटर के पद पर कार्यरत मुरारी तिवारी का अज्ञात अपराधियों ने अपहरण कर लिया है तथा उसके परिजनों से फिरौती की मांग की जा रही है। सूचना मिलते ही एसपी के निर्देश पर तत्काल विशेष टीम का गठन किया गया।
एसडीपीओ के नेतृत्व में गठित टीम में श्री बंशीधर नगर पुलिस इंस्पेक्टर जितेंद्र कुमार आजाद, मझिआंव पुलिस इंस्पेक्टर बृज कुमार, भवनाथपुर थाना प्रभारी रजनी रंजन, मझिआंव थाना प्रभारी अमित कुमार, हरिहरपुर ओपी प्रभारी नसीम अंसारी, धुरकी के पुलिस पदाधिकारी सुभाषकांत अकेला एवं शेखर कुमार सिंह शामिल थे।
तकनीकी जांच से अपराधियों तक पहुंची पुलिस
गठित टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए मझिआंव थाना क्षेत्र के चंदना गांव में छापेमारी की। वहां से पुलिस ने शेख अंसार और नदीम खान को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने अपराध में अपनी संलिप्तता स्वीकार करते हुए अन्य अपराधियों के नामों का भी खुलासा किया।
पुलिस ने उनके पास से दो मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि अपहृत युवक के परिजनों से स्कैनर के माध्यम से 30 हजार रुपये ऑनलाइन मंगवाए गए थे।
7.5 लाख रुपये की मांग कर रहे थे अपराधी
एसडीपीओ ने बताया कि पुलिस की लगातार दबिश और बढ़ते दबाव के कारण अपराधियों ने अपहृत युवक मुरारी तिवारी (32 वर्ष) को चंदना एवं रमना के बीच छोड़ दिया और मौके से फरार हो गए। पुलिस ने युवक को घटना के महज पांच घंटे के भीतर सुरक्षित बरामद कर लिया।
पीड़ित मुरारी तिवारी ने पुलिस को बताया कि वह 3 जून को सगमा स्थित सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के समीप कार्य कर रहे थे। इसी दौरान दोपहर करीब 2:30 बजे एक सफेद बोलेरो में सवार चालक सहित छह अपराधियों ने उनका अपहरण कर लिया था।
पीड़ित के अनुसार अपराधी उनसे साढ़े सात लाख रुपये की फिरौती मांग रहे थे तथा परिजनों से ऑनलाइन रकम भी वसूली गई थी।
पुलिस की तत्परता से अपराधियों की योजना हुई विफल
भवनाथपुर थाना प्रभारी रजनी रंजन की सक्रियता एवं पुलिस टीम की संयुक्त कार्रवाई से अपराधियों की योजना सफल नहीं हो सकी। पुलिस की त्वरित कार्रवाई और लगातार दबाव ने अपहरणकर्ताओं को युवक को छोड़ने पर मजबूर कर दिया।
पीड़ित के बयान के आधार पर धुरकी थाना में मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू कर दिया गया है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
प्रेसवार्ता के दौरान पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जिले में अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। प्रेसवार्ता में श्री बंशीधर नगर के पुलिस इंस्पेक्टर जितेन्द्र कुमार आजाद, मझिआंव के पुलिस इंस्पेक्टर बृज कुमार, भवनाथपुर के थाना प्रभारी रजनी रंजन, मझिआंव के थाना प्रभारी अमित कुमार, हरिहरपुर ओपी प्रभारी नसीम अंसारी आदि मौजूद थे।





