जमशेदपुर। जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने शुक्रवार को सोनारी और कदमा के अनेक क्षेत्रों का दौरा किया। सोनारी के जॉगर्स पार्क में उनका शॉल ओढ़ाकर सम्मान किया गया। सोनारी एवं कदमा के लोगों ने उन्हें अपनी समस्याएं बताईं, जिसे श्री राय ने दूर करने का आश्वासन दिया।
सरयू राय सबसे पहले जॉगर्स पार्क पहुंचे। यहां के लोगों से मिले। बातचीत की। लोगों ने उनका शॉल ओढ़ाकर सम्मान किया और क्षेत्र में उनके कार्यों के बारे में चर्चा की।
इसके उपरांत विधायक सरयू राय सोनारी के निर्मल बस्ती, पंचवटी नगर और जाहिरा बस्ती गए। निर्मल बस्ती में लोगों ने उन्हें कचरे का ढेर दिखाया और बताया कि यह कूड़ा कई दिनों से यहां पड़ा हुआ है। साफ-सफाई नहीं हो रही है।
जाहिरा बस्ती में पहुंचे श्री राय को लोगों ने नए बिछ रहे पेबर्स ब्लॉक का काम दिखाया। लोगों की शिकायत थी कि पेबर्स ब्लॉक सही तरीके से नहीं बिछाया जा रहा है। चलने पर पेबर्स ब्लॉक हिलता है, उपर-नीचे होता है। लोगों की शिकायत थी कि कम बालू डाला गया है।
इसके बाद विधायक पंचवटी नगर पहुंचे। यहां नाली बनाने के लिए गड्ढा खोद कर छोड़ दिया गया है जिससे आने-जाने वालों दिक्कत हो रही है। पंचवटी नगर के लोगों ने बताया कि जुस्को कई इलाकों में पानी नहीं दे रहा है। श्री राय ने शिकायत को गंभीरता से सुना और समाधान का आश्वासन दिया। पंचवटी नगर में ही बलराम भट्ठा की भी कुछ महिलाएं आकर अपने मोहल्ले की समस्याओं को बताने लगीं।
पंचवटी नगर के बाद सरयू राय कदमा के शास्त्री नगर पहुंचे। य़हां संतोषी माता मंदिर इलाका और नीचे के क्षेत्र में रहने वाले लोगों ने उन्हें बताया कि चापाकल से गंदा पानी आ रहा है। लोगों ने यह भी शिकायत की कि छठ घाट को ठीक से नहीं बनाया गया है। उसकी दो सीढ़ियों के बीच में गैप ज्यादा है। इससे चढ़ने-उतरने में लोगों को भारी परेशानी होती है।
सरयू राय ने बसिती वासियों को बताया कि कल वे उपायुक्त से मिले थे और बस्तियों में पानी, बिजली कनेक्शन देने में आनाकानी करने की बात उन्हें बताई थी। उन्होंने उपायुक्त से कहा है के वे टीटुआईएसएल (जुस्को) और जेएनएसी की संयुक्त बैठक बुलाकर समस्या दूर करिये। उपायुक्त ने आश्वासन दिया कि वे शीघ्र बैठक बुलाएंगे।
श्री राय के साथ इस भ्रमण में जनसुविधा प्रतिनिधि मुकुल मिश्रा, उत्तम कुमार, बाबू सिंह, नरेश बागती, प्रदीप सिंह, अजीत सिंह, भीम सिंह, मनोज सिंह, तारक मुखर्जी, मनोज सिंह, केपी सिंह, संदीप सिंह आदि मौजूद रहे।






