BREAKING NEWS

logo

सिंहभूम चैम्बर के द्वारा यंग इंडियन एवं लियोनार्ड चेशायर डिसेबिलिटी ट्रस्ट की सहभागिता से दिव्यांगजनों हेतु रोजगार भर्ती कैम्प का आयोजन


सिंहभूम चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री द्वारा यंग इंडियन एवं लियोनार्ड चेशायर डिसेबिलिटी ट्रस्ट के सहयोग से दिनांक 23 मई, 2026 को चैम्बर भवन में स्माईल परियोजना के अंतर्गत दिव्यांगजनों के लिये रोजगार भर्ती कैम्प का आयोजन किया जा रहा है। इस कैम्प का उद्देश्य कोल्हान एवं जमशेदपुर क्षेत्र के दिव्यांगजनों को विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियों में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है। इस रोजगार भर्ती कैम्प का उद्घाटन पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त श्री राजीव रंजन, आईएएस द्वारा किया जायेगा।

सिंहभूम चैम्बर अपने सामाजिक उत्तरदायित्व के तहत लगातार दिव्यांगजनों के लिये रोजगार भर्ती कैम्प आयोजित करता रहा है। इस पहल का मुख्य उद्देश्य दिव्यांगजनों को सार्थक रोजगार के अवसर प्रदान कर कार्यबल में उनकी समावेशी एवं समान भागीदारी सुनिश्चित करना है। चैम्बर का मानना है कि दिव्यांगजन असाधारण प्रतिभा, समर्पण एवं अद्वितीय दृष्टिकोण के साथ संगठनात्मक विकास एवं विविधता में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं।

इस भर्ती कैम्प के दौरान विभिन्न प्रतिष्ठानों को उनकी आवश्यकता के अनुरूप प्रतिभाशाली कर्मचारी उपलब्ध कराये जायेंगे। कंपनियाँ अपनी आवश्यकतानुसार दिव्यांग अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लेकर उनका चयन करेंगी।

इस रोजगार भर्ती कैम्प में शहर की कई प्रतिष्ठित कंपनियों ने अपनी सहभागिता की स्वीकृति प्रदान की है, जिनमें मेटाग्रेल ट्यूब्स, होटल एनएच हिल्स, एलिमेंट्स कॉर्पोरेशन, स्ट्रीम डिजिटल सर्विस, टाटा मोटर्स, शुभम इंटरप्राइजेज, भालोटिया इंजीनियरिंग वर्क्स प्रा. लि., रेसिलिएंट्स टेक्निकल सोल्यूशन्स, शैली इंटरप्राइजेज, यूनाइटेड इन्फ्राकोर लि., आरूष मेटल कास्टिंग लि., गजानन फेरो प्रा. लि., होटल रमाडा, होटल अल्कोर, बेब्को मोटर्स प्रा. लि., त्रिवेणी इंजीकॉन्स प्रा. लि., दयाल बिल्डर्स प्रा. लि., रामकृष्ण फोर्जिंग्स लि., आरएसबी ट्रांसमिशन क्रॉस इंडिया प्रा. लि., एएसएल इंटरप्राइजेज, उत्कल ऑटोमोबाइल्स, सुदिशा फाउंड्री प्रा. लि., बीएमसी ग्रुप एवं एसएसएस मेहता इंडस्ट्रीज लि. प्रमुख हैं।

चैम्बर के अध्यक्ष मानव केडिया, महासचिव पुनीत कांवटिया, उपाध्यक्ष अनिल मोदी, अधिवक्ता राजीव अग्रवाल, अभिषेक अग्रवाल गोल्डी, हर्ष बाकरेवाल, सचिव अधिवक्ता अंशुल रिंगसिया, भरत मकानी, बिनोद शर्मा, सुरेश शर्मा लिपु, कोषाध्यक्ष सीए अनिल रिंगसिया तथा यंग इंडियंस की चेयरमैन श्रुति झुनझुनवाला, को-चेयरमैन भाविन गांधी एवं आकाश केडिया ने बताया कि जो दिव्यांगजन लियोनार्ड चेशायर डिसेबिलिटी ट्रस्ट के अंतर्गत आते हैं, वही इस भर्ती कैम्प का लाभ उठा सकते हैं।