बच्चों और अभिभावकों के लिए नई गतिविधियों की घोषणा
जमशेदपुर, 15 मई 2026 : टाटा स्टील समर कैंप 2026 ने एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए शुरुआती कुछ ही सप्ताहों में 2,500 से अधिक पंजीकरण दर्ज किए हैं। कैंप को मिल रहे उत्साहजनक प्रतिसाद के बीच टाटा स्टील ने बच्चों की रचनात्मकता, सुरक्षा जागरूकता और पारिवारिक सहभागिता को बढ़ावा देने हेतु कई नई गतिविधियों की घोषणा की है।
कंपनी ने बताया कि पंजीकरण अभी भी जारी है। जिन अभिभावकों ने अब तक अपने बच्चों का नामांकन नहीं कराया है, उनसे जल्द पंजीकरण कराने की अपील की गई है ताकि वे इस विशेष समर कैंप का हिस्सा बन सकें।
नई गतिविधियां और सहयोग
पर्यावरण संरक्षण और कला को जोड़ने के उद्देश्य से टाटा स्टील पर्यावरण विभाग तथा फेविक्रिएट बाय पिडिलाइट (फेविकोल निर्माता) के सहयोग से एक पेंटिंग प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इसका उद्देश्य बच्चों को कला के माध्यम से हरित भविष्य की कल्पना करने के लिए प्रेरित करना है।
इसके अलावा कैंप में सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर भी विशेष जोर दिया जाएगा। इसके तहत “सेफ्टी” विषय पर इंटरैक्टिव सत्र और नुक्कड़ नाटक आयोजित किए जाएंगे, जिनके माध्यम से बच्चों को घर, सड़क और स्कूल में सुरक्षा के नियमों की जानकारी रोचक तरीके से दी जाएगी।
अभिभावकों के लिए भी विशेष आयोजन
टाटा स्टील ने समर कैंप को पारिवारिक अनुभव बनाने की दिशा में प्रतीक्षा कर रहे अभिभावकों के लिए भी विशेष मनोरंजक कार्यक्रम शुरू किए हैं। बच्चों के विभिन्न मॉड्यूल में भाग लेने के दौरान अभिभावक वेलनेस सेशन, हॉबी वर्कशॉप और इंटरैक्टिव फोरम में हिस्सा ले सकेंगे। कैंप के अंत में बच्चों और अभिभावकों के लिए स्विमिंग पूल के पास पार्टनर “फ्रूट एंड ग्रू” की ओर से स्वादिष्ट स्नैक्स और रिफ्रेशमेंट की भी व्यवस्था रहेगी।
टाटा स्टील के चीफ स्पोर्ट्स श्री मुकुल विनायक चौधरी ने कहा, “समुदाय की ओर से मिल रहा उत्साहजनक प्रतिसाद हमारे लिए बेहद खुशी की बात है। 2,500 से अधिक पंजीकरण अभिभावकों के हमारे कार्यक्रमों पर भरोसे को दर्शाता है। पेंटिंग प्रतियोगिता और शिक्षाप्रद गतिविधियों को जोड़कर हम समर कैंप 2026 को खेल और मनोरंजन के साथ-साथ समग्र सीख और सुरक्षा का भी मंच बना रहे हैं।”
अधिक जानकारी और पंजीकरण के लिए वेबसाइट https://jrdsportscomplex.in/tsl-camp� पर विजिट किया जा सकता है।






