BREAKING NEWS

logo

जमशेदपुर में ट्रिपल मर्डर से सनसनी


पूर्व टाटा स्टील कर्मी के घर पत्नी, पुत्र व गर्भवती पुत्री के शव बरामद
एग्रिको के पॉश इलाके में हुई वारदात से दहशत, पुलिस जांच में जुटी
जमशेदपुर, संवाददाता।
शहर के एग्रिको थाना क्षेत्र स्थित क्रॉस रोड नंबर-13 में सोमवार सुबह एक ही परिवार के तीन लोगों की निर्मम हत्या से सनसनी फैल गई। क्वार्टर संख्या एल-13 से टाटा स्टील के सेवानिवृत्त कर्मी रविंद्र सिंह की पत्नी, 27 वर्षीय पुत्र तथा 30 वर्षीय गर्भवती पुत्री के शव बरामद किए गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
सूचना मिलते ही एग्रिको थाना पुलिस, वरीय पुलिस अधिकारी तथा फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। घर के भीतर का दृश्य बेहद भयावह था। तीनों शव खून से लथपथ अवस्था में पड़े थे। प्रारंभिक जांच में मृतकों के सिर पर गंभीर चोट के निशान पाए गए हैं। आशंका जताई जा रही है कि हत्या किसी भारी वस्तु से वार कर अथवा गोली मारकर की गई है। हालांकि पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होने की बात कह रही है।
नवंबर में हुई थी बेटी की शादी
जानकारी के अनुसार मृतका पुत्री की शादी पिछले वर्ष नवंबर माह में हुई थी। वह तीन माह की गर्भवती थी और रविवार रात अपने मायके आई हुई थी। परिजनों ने बताया कि रात में परिवार के बीच सामान्य बातचीत हुई थी, लेकिन सोमवार सुबह काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर अनहोनी की आशंका हुई। इसके बाद स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची।
घरेलू विवाद की आशंका
मृतका महिला के भाई उदय सिंह ने बताया कि परिवार में अक्सर घरेलू विवाद होते रहते थे, लेकिन किसी ने ऐसी घटना की कल्पना नहीं की थी। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
पुलिस हर पहलू पर कर रही जांच
पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से कई महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं। प्रारंभिक तौर पर मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा माना जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि वारदात में केवल रविंद्र सिंह शामिल थे या किसी अन्य की भी भूमिका रही।
शांत इलाके में वारदात से लोग सहमे
एग्रिको जैसे शांत और पॉश इलाके में हुई इस जघन्य घटना के बाद आसपास के लोग सहमे हुए हैं। स्थानीय लोगों ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।