XLRI और झारखंड सरकार ने स्टार्टअप इनक्यूबेशन सेंटर एवं फॉरेस्ट-बेस्ड तथा सर्कुलर इकोनॉमी अवसरों के विकास के लिए किया समझौता
जमशेदपुर : झारखंड में नवाचार और उद्यमिता पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए XLRI – जेवियर स्कूल ऑफ मैनेजमेंट, जमशेदपुर ने झारखंड सरकार के झारखंड इंडस्ट्रियल इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (JIIDCO) के साथ एक समझौता ज्ञापन (MoA) पर हस्ताक्षर किए। इस समझौते का उद्देश्य राज्य में स्टार्टअप इनक्यूबेशन को बढ़ावा देना तथा सर्कुलर इकोनॉमी और नॉन-टिंबर फॉरेस्ट प्रोडक्ट्स (NTFP) आधारित उद्यमों पर स्कोपिंग स्टडी करना है।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग तथा कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता विभाग, झारखंड सरकार के सचिव श्री अबूबकर सिद्दीकी, आईएएस उपस्थित थे। उन्होंने कहा कि झारखंड के वन संसाधनों, कृषि क्षमता और सर्कुलर इकोनॉमी आधारित अवसरों में सतत आजीविका और पर्यावरणीय रूप से जिम्मेदार उद्यमों के निर्माण की अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने यह भी कहा कि प्रस्तावित अध्ययन वन उपज, एग्रो-प्रोसेसिंग, रीसाइक्लिंग और वेस्ट-टू-वेल्थ पहल जैसे क्षेत्रों में उद्यमिता और मूल्य सृजन के नए रास्ते तलाशेगा, साथ ही वन-आधारित आजीविका, स्थानीय संस्कृति और स्थिरता को बढ़ावा देगा।
समझौता हस्ताक्षर समारोह की अध्यक्षता उद्योग विभाग, झारखंड सरकार के सचिव श्री अरवा राजकमल, आईएएस ने की। उन्होंने कहा कि XLRI और सरकार के बीच यह सहयोग स्टार्टअप्स और नवाचारों को पेशेवर तरीके से विकसित करने के लिए एक सशक्त संस्थागत मंच तैयार करेगा, जिससे झारखंड के युवाओं के लिए रोजगार और अवसरों का सृजन होगा।
इस साझेदारी के तहत XLRI छह महीने की स्कोपिंग स्टडी करेगा, जो दो प्रमुख विषयों—सर्कुलर इकोनॉमी उद्यम और NTFP आधारित उद्यम—पर केंद्रित होगी। सर्कुलर इकोनॉमी अध्ययन मुख्य रूप से MSMEs और अन्य संबंधित उद्योगों एवं क्षेत्रों पर आधारित होगा। वहीं NTFP अध्ययन वन, स्थान और संस्कृति आधारित उद्यमों की संभावनाओं को तलाशेगा, जिसमें सतत एवं समावेशी विकास पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
इस समझौते पर झारखंड सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों और XLRI के संकाय सदस्यों की उपस्थिति में हस्ताक्षर किए गए। यह सहयोग राज्य में नवाचार-आधारित विकास, सतत उद्यमिता और रोजगार सृजन को बढ़ावा देने की दिशा में एक रणनीतिक साझेदारी की शुरुआत है।
XLRI की ओर से प्रो. संजय पात्रो (डीन अकादमिक्स), प्रो. टाटा एल. रघु राम, प्रो. कल्याण भास्कर, प्रो. सौरव शेहरावत और प्रो. विनायक राम त्रिपाठी उपस्थित थे। उन्होंने झारखंड सरकार की विकास दृष्टि को समर्थन देने के लिए अपनी शैक्षणिक विशेषज्ञता और संस्थागत क्षमताओं के उपयोग की प्रतिबद्धता दोहराई।
इस साझेदारी के तहत XLRI, JIIDCO के अंतर्गत स्थापित इनक्यूबेशन इकोसिस्टम को इनक्यूबेशन सपोर्ट, मेंटरशिप, उद्यमिता प्रशिक्षण, निवेशकों से संपर्क और संस्थागत मार्गदर्शन प्रदान कर सशक्त करेगा। स्कोपिंग स्टडी पूरी होने के बाद XLRI झारखंड भर में सर्कुलर इकोनॉमी और NTFP आधारित अवसरों पर 100 उद्यमों की पहचान और इनक्यूबेशन में भी सहयोग करेगा।
JIIDCO के प्रबंध निदेशक श्री वरुण रंजन, आईएएस ने कहा कि XLRI और झारखंड सरकार के बीच यह साझेदारी झारखंड इंडस्ट्रियल पॉलिसी लैब (JIPL) जैसी पहलों के माध्यम से पहले से मजबूत रही है। उन्होंने बताया कि JIPL के तहत XLRI के छात्रों ने प्रो. कल्याण भास्कर के मार्गदर्शन में लगभग 15 नीतिगत परियोजनाओं पर कार्य किया, जिससे राज्य के नीति निर्माण और अकादमिक क्षेत्र को महत्वपूर्ण योगदान मिला।





