BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

गणेश महोत्सव में छठे दिन उमड़ा आस्था का सैलाब, पांचवें दिन का रिकॉर्ड भी टूटा।


गांधी मैदान में श्रद्धालुओं की भारी भीड़, बच्चों के बिछड़ने की घटनाओं के बीच पुलिस-पूजा कमेटी की मुस्तैदी से मेला शांतिपूर्ण
उदय किशोर सिंह 
जामताड़ा। शहर के ऐतिहासिक गांधी मैदान में आयोजित 23वें 10 दिवसीय गणेश महोत्सव के छठे दिन शनिवार को श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। सुबह से देर रात तक पूजा पंडाल और मेला परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। आयोजकों के अनुसार, पांचवें दिन उमड़ी रिकॉर्ड भीड़ का आंकड़ा भी छठे दिन पीछे छूट गया। जामताड़ा में इस वर्ष आयोजित होने वाले विभिन्न मेलों की तुलना में गणेश महोत्सव में अब तक सबसे अधिक भीड़ जुटने का दावा किया जा रहा है।
गणेश भगवान की पूजा-अर्चना और दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतार लगी रही। बड़ी संख्या में लोग परिवार के साथ गांधी मैदान पहुंचे और विधि-विधान से पूजा कर भगवान गणेश का आशीर्वाद लिया। इसके बाद लोगों ने मेले में खरीदारी और मनोरंजन का आनंद उठाया। भीड़ बढ़ने के कारण कई बच्चे अपने परिजनों से बिछड़ गए। हालांकि, पूजा कमेटी के सदस्यों और पुलिस प्रशासन की सक्रियता से बच्चों को उनके परिजनों तक पहुंचाने का प्रयास किया गया।
पुलिस-प्रशासन की मुस्तैदी, थाना प्रभारी करते रहे निरीक्षण
मेले में लगातार बढ़ रही भीड़ को देखते हुए पूजा कमेटी के सदस्य और जामताड़ा पुलिस प्रशासन पूरी तरह सजग नजर आया। जामताड़ा थाना प्रभारी राजेश मंडल भी लगातार मेला परिसर का निरीक्षण करते रहे और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। पुलिस की सक्रियता और पूजा कमेटी के स्वयंसेवकों की मुस्तैदी के कारण अब तक मेले में किसी बड़ी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है।
गणेश महोत्सव को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है। जिले के विभिन्न इलाकों से लोग गांधी मैदान पहुंच रहे हैं। श्रद्धालुओं का कहना है कि गणेश भगवान की पूजा कर आशीर्वाद लेने के साथ मेले का आनंद लेने का अलग ही उत्साह है।
मेला परिसर में उमड़ रही भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस और पूजा कमेटी लगातार निगरानी कर रही है। महोत्सव के आगामी दिनों में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है।