BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

विशेष गहन पुनरीक्षण में ऑनलाइन प्रमाणपत्र की पावती मान्य करने की मांग,


अंचल कार्यालयों में भीड़ से मतदाताओं को परेशानी, पंचायत स्तर पर विशेष कैंप लगाने की मांग।
उदय किशोर सिंह 
जामताड़ा। विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के सत्यापन के दौरान दस्तावेजों को लेकर मतदाताओं को हो रही परेशानियों के बीच ह्यूमन राइट एंड जस्टिस मूवमेंट के प्रदेश सचिव एवं नाला विधानसभा के पूर्व विधायक प्रत्याशी शान्ति गोपाल महतो ने जिला प्रशासन से त्वरित पहल की मांग की है। उन्होंने विशेष गहन पुनरीक्षण सत्यापन में विसंगति पाए जाने वाले मतदाताओं के आवश्यक दस्तावेजों में झारसेवा के माध्यम से किए गए जाति एवं आवासीय प्रमाण पत्र के आवेदन की पावती रसीद को भी मान्य करने की मांग की है।
शान्ति गोपाल महतो ने कहा कि प्रमाण पत्र बनवाने के लिए अंचल कार्यालयों में अत्यधिक भीड़ उमड़ रही है। इसके कारण कई मतदाताओं को अपने दस्तावेज तैयार कराने के लिए लगातार चार-पांच दिनों तक अंचल कार्यालय का चक्कर लगाना पड़ रहा है। इससे लोगों का समय और आर्थिक संसाधन दोनों खर्च हो रहे हैं।
उन्होंने जिला प्रशासन से पंचायत स्तर पर विशेष शिविर आयोजित कर दस्तावेज बनाने की व्यवस्था करने की मांग की, ताकि ग्रामीण क्षेत्र के मतदाताओं को अंचल कार्यालयों की दौड़ न लगानी पड़े और समय पर सत्यापन प्रक्रिया पूरी हो सके।
उन्होंने कहा कि किसी भी वैध मतदाता को केवल दस्तावेज उपलब्ध नहीं होने के कारण परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने SIR सत्यापन केंद्रों पर मेडिकल सुविधा उपलब्ध कराने की भी मांग की।
महतो ने नाला विधानसभा क्षेत्र के पक्ष-विपक्ष के जनप्रतिनिधियों और नेताओं से भी जनहित से जुड़े इस मुद्दे पर सक्रिय पहल करने की अपील की। उन्होंने कहा कि मतदाताओं की समस्याओं का त्वरित समाधान जरूरी है, ताकि पुनरीक्षण प्रक्रिया के दौरान किसी भी पात्र मतदाता को अनावश्यक परेशानी न हो।