कैशबैक और क्रेडिट कार्ड बंद होने का झांसा देकर करते थे साइबर ठगी, पांच गिरफ्तार
उदय किशोर सिंह,
जामताड़ा। साइबर अपराध के खिलाफ जामताड़ा पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। पुलिस अधीक्षक शंभू कुमार सिंह को मिली गुप्त सूचना के आधार पर गठित पुलिस टीम ने नारायणपुर और करमाटांड़ थाना क्षेत्र में छापेमारी कर पांच साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से 11 मोबाइल फोन और 13 सिम कार्ड बरामद किए गए हैं।
पुलिस इंस्पेक्टर सह साइबर थाना प्रभारी राजेश मंडल के नेतृत्व में इंस्पेक्टर नीतीश कुमार, कृष्ण कुमार एवं सब इंस्पेक्टर हीरालाल महतो की टीम ने पहले नारायणपुर थाना क्षेत्र के मुचियाडीह स्थित क्रेशर के पीछे जोरिया के समीप पलाश के झुर में छापेमारी की। यहां से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इसके बाद करमाटांड़ थाना क्षेत्र के मटटांड तालाब के बगल स्थित आमबागान में छापेमारी कर दो अन्य आरोपियों को दबोचा गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान तस्लीम अंसारी (20), पिता मुस्तकीम अंसारी, मनाजिर अंसारी (21), पिता निजाम अंसारी, दोनों निवासी चिरुड़ीह, थाना नारायणपुर; अब्दुल लतीफ (27), पिता इतवारी मियां, निवासी बाकुडीह, थाना नारायणपुर; उस्मान गनी (25), पिता सफाऊल अंसारी, निवासी अलगचूहा तथा जितेंद्र मंडल (43), पिता विशेश्वर मंडल, निवासी मटटांड, दोनों थाना करमाटांड़ के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी फोन-पे पर 999 रुपये कैशबैक मिलने का फर्जी संदेश भेजकर लोगों को लिंक अथवा रिक्वेस्ट स्वीकार करने के लिए कहते थे। जैसे ही ग्राहक इसे स्वीकार करता था, रकम फर्जी खाते में ट्रांसफर हो जाती थी। इसके अलावा आरोपी स्टेट बैंक ऑफ इंडिया सहित अन्य बैंकों के क्रेडिट कार्ड बंद होने और नया कार्ड जारी करने का झांसा देकर लोगों से मोबाइल में फर्जी ए पी के फाइल डाउनलोड करवाते थे। इसके माध्यम से क्रेडिट कार्ड से संबंधित गोपनीय जानकारी हासिल कर साइबर ठगी को अंजाम दिया जाता था। पुलिस ने बताया कि आरोपियों का कार्यक्षेत्र देश के विभिन्न राज्यों तक फैला हुआ था।
इस मामले में साइबर अपराध थाना कांड संख्या 58/2026, दिनांक 11 सितंबर 2026 दर्ज कर विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है।
#2026 में अब तक 122 साइबर अपराधी गिरफ्तार#
एसपी शंभू कुमार सिंह ने बताया कि जनवरी 2026 से 11 सितंबर 2026 तक जामताड़ा पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कुल 122 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस दौरान 304 मोबाइल, 370 सिम कार्ड, 22 एटीएम कार्ड, सात पासबुक, तीन लैपटॉप, आठ आधार कार्ड, तीन पैन कार्ड, 14 लाख 7 हजार रुपये नकद और 11 मोटरसाइकिल बरामद की गई हैं। पुलिस की लगातार कार्रवाई से साइबर अपराधियों में हड़कंप मचा हुआ है।



.jpeg)


